
‘ए पॉजिटिव’ रक्त की कमी से जूझ रहे मरीज की मदद को आगे आए स्वयंसेवक
- निखिल गुप्ता
फतेहपुर। जिले में ‘ए पॉजिटिव’ (A+) रक्त की आवश्यकता से जूझ रहे एक मरीज की मदद के लिए सर्व फॉर ह्यूमैनिटी फाउंडेशन के सदस्य आगे आए और समय पर रक्तदान कर मानवता की मिसाल पेश की।
संस्था को जैसे ही रक्त की आवश्यकता की सूचना मिली, स्वयंसेवक जिशान शेख और सौरभ मौर्य तत्काल मानस रक्त केंद्र पहुंचे और स्वैच्छिक रक्तदान किया। उनके रक्तदान से मरीज को समय पर रक्त उपलब्ध हो सका, जिससे उसकी जान बचाने में मदद मिली।
मरीज के परिजनों ने बताया कि ‘ए पॉजिटिव’ रक्त उपलब्ध न होने के कारण वे काफी परेशान थे और लगातार रक्तदाताओं की तलाश कर रहे थे। ऐसे समय में संस्था के सदस्यों द्वारा की गई मदद उनके लिए राहत लेकर आई।
इस दौरान संस्था से जुड़े गुरमीत सिंह और आकांक्षा भी मौजूद रहे। वहीं मानस रक्त केंद्र की टीम से अमन, अनामिका पाल, अंजलि और विष्णु ने रक्तदान प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न कराया।
सर्व फॉर ह्यूमैनिटी फाउंडेशन ने इस अवसर पर लोगों से नियमित रक्तदान करने की अपील करते हुए कहा कि एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद के जीवन को बचा सकता है। संस्था लगातार जरूरतमंद मरीजों तक रक्त उपलब्ध कराने और रक्तदान के प्रति जनजागरूकता फैलाने का कार्य कर रही है।


