सोशल मीडिया और फर्जी क्रिप्टो प्लेटफॉर्म के जरिए लोगों को बनाता था शिकार, साइबर थाना पुलिस की कार्रवाई जारी
- ऋषभ कुमार
कानपुर नगर। थाना साइबर क्राइम, कमिश्नरेट कानपुर नगर की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ₹2.52 करोड़ की साइबर एवं क्रिप्टो निवेश ठगी का खुलासा किया है। मामले में बिजनौर निवासी एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया है, जिसके बैंक खाते में ठगी से प्राप्त लगभग ₹45 लाख की धनराशि ट्रांसफर की गई थी।
पुलिस के अनुसार अभियुक्त सोशल मीडिया, व्हाट्सएप, टेलीग्राम और फर्जी क्रिप्टो निवेश प्लेटफॉर्म के माध्यम से लोगों को अधिक लाभ और त्वरित मुनाफे का लालच देकर निवेश के लिए प्रेरित करता था। निवेशकों से धनराशि प्राप्त होने के बाद उसे विभिन्न बैंक खातों के जरिए आगे स्थानांतरित कर साइबर ठगी के नेटवर्क को संचालित किया जाता था।
जांच के दौरान सामने आया कि यह गिरोह सुनियोजित तरीके से लोगों को झांसे में लेकर बड़ी रकम की ठगी कर रहा था। साइबर थाना पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और वित्तीय लेनदेन के विश्लेषण के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकरण में पूर्व में तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया जा चुका है। ताजा गिरफ्तारी के बाद मामले में शामिल अन्य संदिग्ध व्यक्तियों और गिरोह के नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।
साइबर क्राइम थाना की टीम तकनीकी एवं वित्तीय जांच के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश कर इसमें शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया, टेलीग्राम, व्हाट्सएप या अन्य ऑनलाइन माध्यमों पर मिलने वाले अवास्तविक निवेश प्रस्तावों और अत्यधिक मुनाफे के दावों से सावधान रहें तथा किसी भी निवेश से पहले संबंधित प्लेटफॉर्म की विश्वसनीयता की जांच अवश्य करें।


