HomeNEWSमोहर्रम-2026 की तैयारियों को लेकर पुलिस एवं प्रशासन अलर्ट, धर्मगुरुओं और आयोजन...

मोहर्रम-2026 की तैयारियों को लेकर पुलिस एवं प्रशासन अलर्ट, धर्मगुरुओं और आयोजन समितियों के साथ हुई समन्वय बैठक

शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण आयोजन सुनिश्चित करने के लिए ताजियों की ऊंचाई, जुलूस मार्ग, यातायात और सुरक्षा व्यवस्थाओं पर हुई विस्तृत चर्चा

  • ज्योति सिंह

कानपुर नगर। मोहर्रम-2026 के शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण आयोजन को लेकर पुलिस एवं जिला प्रशासन द्वारा धर्मगुरुओं, शहर काजी, आयोजन समितियों के प्रतिनिधियों, सम्मानित नागरिकों तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने उपस्थित लोगों की समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

बैठक के दौरान ताजियों एवं अलम की ऊंचाई, जुलूस मार्गों की स्थिति, प्रकाश व्यवस्था, विद्युत सुरक्षा, सफाई व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सभी कार्यक्रम पारंपरिक रूप से, कानून व्यवस्था का पालन करते हुए तथा आपसी भाईचारे और सौहार्द के वातावरण में संपन्न कराए जाएंगे।

प्रशासन की ओर से नागरिकों को मोहर्रम के दौरान लागू की जाने वाली विशेष यातायात व्यवस्था की जानकारी भी दी गई। बताया गया कि जिला पुलिस, ट्रैफिक पुलिस, फायर सर्विस, विद्युत विभाग तथा अन्य संबंधित विभाग आपसी समन्वय और कंट्रोल रूम के माध्यम से लगातार संपर्क में रहकर सभी कार्यक्रमों की निगरानी करेंगे, जिससे किसी भी प्रकार की समस्या का तत्काल समाधान किया जा सके।

बैठक में जुलूस मार्गों पर बिजली के तारों, सड़क के गड्ढों, सफाई व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही सीसीटीवी कैमरों, ड्रोन एवं सेंट्रल कंट्रोल रूम के माध्यम से पूरे आयोजन की प्रभावी निगरानी करने की कार्ययोजना भी साझा की गई।

अधिकारियों ने विशेष रूप से अपील की कि ताजियों और अलम की ऊंचाई निर्धारित मानकों के अनुरूप रखी जाए तथा विद्युत तारों एवं अन्य संभावित खतरों से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बरती जाएं। लोहे की रॉड अथवा गीले बांस से बने झंडों का प्रयोग न करने तथा ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग निर्धारित डेसीबल सीमा के भीतर ही करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में युवाओं से मोहर्रम के जुलूसों के दौरान सड़कों पर स्टंटबाजी से बचने तथा सोशल मीडिया पर किसी भी भ्रामक अथवा अपुष्ट सूचना को साझा न करने की अपील की गई। अधिकारियों ने बताया कि अनुशासित एवं व्यवस्थित तरीके से जुलूस निकालने वाली आयोजन समितियों को सम्मानित भी किया जाएगा।

पुलिस एवं जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से शांति, सौहार्द और आपसी सहयोग बनाए रखते हुए मोहर्रम के कार्यक्रमों को सफल बनाने में सहयोग करने की अपील की। अधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि कमिश्नरेट कानपुर नगर में आपसी भाईचारे और सामाजिक समरसता की परंपरा को कायम रखते हुए मोहर्रम का आयोजन पूरी तरह शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जाएगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments