अमेरिकी सैन्य कार्रवाई में भारतीय नागरिकों की मौत पर जताया आक्रोश, केंद्र सरकार से कड़ा रुख अपनाने की मांग
- हरिओम गुप्ता
कानपुर नगर। कानपुर महानगर कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को कोतवाली चौराहे पर अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump के चित्र का दहन कर अमेरिकी सैन्य कार्रवाई में भारतीय नागरिकों की मौत पर विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की।
प्रदर्शन के दौरान महानगर कांग्रेस अध्यक्ष पवन गुप्ता ने कहा कि किसी भी परिस्थिति में निर्दोष भारतीय नागरिकों की जान जाना स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि अमेरिकी कार्रवाई में जान गंवाने वाले भारतीय नागरिकों के परिवारों के साथ कांग्रेस पार्टी पूरी मजबूती से खड़ी है और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करती है।
पवन गुप्ता ने केंद्र सरकार से इस मुद्दे पर सख्त रुख अपनाने की मांग करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi को अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत के हितों और नागरिकों की सुरक्षा को लेकर स्पष्ट एवं मजबूत संदेश देना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारतीय नागरिकों की सुरक्षा और सम्मान सर्वोपरि है तथा इस प्रकार की घटनाओं पर प्रभावी कूटनीतिक कार्रवाई आवश्यक है।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि इस घटना को लेकर केंद्र सरकार की प्रतिक्रिया अपेक्षित स्तर की नहीं रही। उन्होंने कहा कि भारत सरकार को अमेरिकी प्रशासन के समक्ष कड़ा विरोध दर्ज कराते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।
प्रदर्शन में राकेश साहू, प्रमोद गुप्ता, विनय पांडे, रामगोपाल उत्तम, विनोद अवस्थी, शांतनु दीक्षित, राजेंद्र द्विवेदी, अमिताभ दत्त मिश्रा, जितेंद्र ब्रह्म, अमित अग्निहोत्री, शिवम द्विवेदी, अनुराग कौशल, मुन्ना खान, भारत आजाद सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर अपना विरोध दर्ज कराया और भारतीय नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।


