
सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन व्यवस्थाओं का लिया जायजा, नए रिक्रूट आरक्षियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
- अंकित बाजपेई
कानपुर नगर। आगामी मोहर्रम पर्व के मद्देनजर सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से अतुल कुमार श्रीवास्तव, पुलिस उपायुक्त (सेंट्रल) तथा डॉ. अर्चना सिंह, अपर पुलिस उपायुक्त (सेंट्रल) ने थाना कर्नलगंज, बजरिया, चमनगंज, अनवरगंज और बेकनगंज क्षेत्र में मोहर्रम के अवसर पर निकाले जाने वाले अलम जुलूस के संपूर्ण मार्ग का सघन निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जुलूस मार्ग पर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बैरिकेडिंग, समुचित प्रकाश व्यवस्था, संवेदनशील स्थलों की निगरानी तथा सुगम यातायात संचालन सुनिश्चित करने के लिए मौके पर ही आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि मोहर्रम के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था को रोकने और शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए जा रहे हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता बरती जाएगी तथा सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान सहायक पुलिस आयुक्त कर्नलगंज, संबंधित थाना प्रभारी एवं पर्याप्त पुलिस बल भी मौजूद रहा। अधिकारियों ने स्थानीय व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए आवश्यक बिंदुओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
जुलूस मार्ग के निरीक्षण के उपरांत डीसीपी सेंट्रल ने थाना ग्वालटोली पहुंचकर नए रिक्रूट आरक्षियों की गणना की तथा उनकी उपस्थिति एवं ड्यूटी संबंधी तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान आरक्षियों को आगामी मोहर्रम ड्यूटी के संबंध में महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।
डीसीपी ने आरक्षियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने, प्रभावी भीड़ प्रबंधन सुनिश्चित करने, आम नागरिकों के साथ विनम्र एवं सौहार्दपूर्ण व्यवहार रखने तथा अफवाहों और संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क निगाह बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही ड्यूटी के दौरान अनुशासन, सजगता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने पर विशेष जोर दिया।


