डिजिटल ठगी, फर्जी कॉल और ऑनलाइन फ्रॉड से सतर्क रहने का दिया संदेश
- अंकित बाजपेई
कानपुर नगर। अपराध मुक्त सामाजिक चिकित्सा समिति के तत्वावधान में पुलिस उपायुक्त पश्चिम एस. एम. कासिम आबिदी के मुख्य आतिथ्य में साइबर सेल पश्चिम जोन द्वारा साइबर अपराध जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना तथा डिजिटल माध्यमों से होने वाली ठगी और अपराधों से बचाव संबंधी जानकारी प्रदान करना था।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस उपायुक्त पश्चिम एस. एम. कासिम आबिदी ने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में साइबर अपराध लगातार नए स्वरूप में सामने आ रहे हैं। ऐसे में प्रत्येक नागरिक का जागरूक और सतर्क रहना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि थोड़ी सी लापरवाही भी आर्थिक और व्यक्तिगत नुकसान का कारण बन सकती है।
उन्होंने उपस्थित लोगों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, डिजिटल अरेस्ट, साइबर फ्रॉड और सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाले अपराधों के प्रति सचेत रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति के साथ अपना OTP, बैंक खाता विवरण, एटीएम कार्ड की जानकारी अथवा पासवर्ड साझा न करें। साथ ही संदिग्ध लिंक, फर्जी निवेश योजनाओं और सरकारी अधिकारी बनकर किए जाने वाले कॉल से सावधान रहने का आग्रह किया।

पुलिस उपायुक्त ने बताया कि यदि कोई व्यक्ति साइबर अपराध का शिकार होता है तो उसे तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करना चाहिए तथा शीघ्र शिकायत दर्ज करानी चाहिए, जिससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
कार्यक्रम में साइबर सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी गई तथा उपस्थित लोगों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया। वक्ताओं ने डिजिटल लेनदेन के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों और साइबर सुरक्षा उपायों पर विशेष जोर दिया।
इस अवसर पर विजय बहादुर, अनुपम त्रिपाठी, आशुतोष बाजपेयी, योगेश बाजपेयी तथा गोपाल गुप्ता सहित बड़ी संख्या में नागरिक, CISF कर्मी, कर्मचारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में साइबर जागरूकता को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया तथा लोगों से सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने की अपील की गई।


