HomeNEWSप्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का भव्य समापन, विशाल भंडारे में उमड़ा श्रद्धालुओं का...

प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का भव्य समापन, विशाल भंडारे में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

हनुमान जी एवं माता दुर्गा की प्रतिमाओं की हुई प्राण प्रतिष्ठा, भजन संध्या ने बांधा समां

  • हरिओम गुप्ता

कानपुर नगर। सरसौल क्षेत्र स्थित ठाकुर जी महाराज मंदिर में आयोजित चार दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का बुधवार को विशाल भंडारे और भजन संध्या के साथ भव्य समापन हो गया। इस धार्मिक आयोजन में सरसौल समेत आसपास के गांवों और क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर अपनी आस्था व्यक्त की।

महोत्सव का शुभारंभ रविवार को हुआ था। कार्यक्रम के दौरान भगवान की प्रतिमाओं को विधिवत गंगा स्नान कराकर मंदिर परिसर में लाया गया। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ पूजा-अर्चना कर प्राण प्रतिष्ठा संपन्न कराई गई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और धार्मिक अनुष्ठानों में सहभागिता की।

चार दिनों तक चले इस धार्मिक आयोजन में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। बुधवार को महोत्सव के समापन अवसर पर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं के साथ-साथ राहगीरों ने भी प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।

कार्यक्रम के आयोजक अनमोल सिंह ने बताया कि मंदिर में हनुमान जी तथा माता दुर्गा की प्रतिमाओं की प्राण प्रतिष्ठा की गई है। उन्होंने कहा कि यह मंदिर क्षेत्रवासियों की आस्था का प्रमुख केंद्र है और प्रतिमा स्थापना के बाद अब श्रद्धालु नियमित रूप से भगवान के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त कर सकेंगे।

समापन समारोह के अंतर्गत शाम को भजन संध्या का भी आयोजन किया गया, जिसमें भजन गायकों ने भक्तिमय प्रस्तुतियों से वातावरण को आध्यात्मिक रंग में रंग दिया। देर रात तक श्रद्धालु भक्ति रस में डूबे रहे और भगवान के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंजता रहा।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments