अपर पुलिस अधीक्षक, सिटी मजिस्ट्रेट और क्षेत्राधिकारी नगर ने प्रमुख बाजारों व मुख्य मार्गों पर किया पैदल गश्त
- कृष्णा कुमार
फर्रुखाबाद। जनपद में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने संयुक्त रूप से पैदल गश्त कर आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाया।
अपर पुलिस अधीक्षक फतेहगढ़, सिटी मजिस्ट्रेट तथा क्षेत्राधिकारी नगर ने थाना मऊदरवाजा और कोतवाली फर्रुखाबाद पुलिस बल के साथ थाना क्षेत्र के प्रमुख बाजारों एवं मुख्य मार्गों पर पैदल गश्त की। इस दौरान अधिकारियों ने संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण करते हुए सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
पैदल गश्त के दौरान अधिकारियों ने व्यापारियों, स्थानीय नागरिकों एवं राहगीरों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। साथ ही लोगों से आपसी भाईचारा, शांति और सौहार्द बनाए रखने का भी आह्वान किया गया।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है और असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने अथवा शांति व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस-प्रशासन की इस संयुक्त कार्रवाई से आमजन में सुरक्षा का विश्वास बढ़ा है तथा क्षेत्र में शांति एवं सौहार्द का सकारात्मक संदेश गया है।


