HomeNEWSविश्व संगीत दिवस पर इंदौर में सजेगा सुरों का महाकुंभ

विश्व संगीत दिवस पर इंदौर में सजेगा सुरों का महाकुंभ

इंदौर प्रेस क्लब में जुटेंगे प्रदेश के ख्यातिप्राप्त कलाकार, संगीत और संस्कृति का होगा भव्य उत्सव

  • समय टुडे डेस्क।

विश्व संगीत दिवस एवं अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को इंदौर में संगीत प्रेमियों के लिए एक विशेष सांस्कृतिक आयोजन होने जा रहा है। शिव शक्ति फिल्म प्रोडक्शन के तत्वावधान में इंदौर प्रेस क्लब में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में प्रदेश के अनेक प्रतिष्ठित एवं समर्पित कलाकार एक मंच पर अपनी प्रस्तुतियां देंगे।

कार्यक्रम का नेतृत्व प्रिंस राज राकेश सितारे, पवन तंबोली एवं आराधना सुगंधी द्वारा किया जा रहा है। आयोजकों के अनुसार यह आयोजन संगीत साधकों और कलाकारों के सम्मान तथा संगीत संस्कृति के संरक्षण को समर्पित रहेगा। कार्यक्रम में ऐसे कलाकारों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है जिन्होंने अपना जीवन संगीत की साधना और उसके प्रचार-प्रसार के लिए समर्पित किया है।

आयोजकों ने बताया कि जब पूरा देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर योग और स्वस्थ जीवनशैली को अपनाने का संदेश दे रहा है, उसी अवसर पर संगीत और योग के अद्भुत समन्वय को भी इस कार्यक्रम के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा। उनका मानना है कि संगीत और योग दोनों ही व्यक्ति के मानसिक, शारीरिक एवं आध्यात्मिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में फिल्म निर्माता एवं निर्देशक सुनील सोलंकी, जीतू बाबा, उमेश दास महाराज तथा ज्योतिषाचार्य हरिओम जोशी सहित कई विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति प्रस्तावित है। इसके अलावा सामाजिक, सांस्कृतिक, राजनीतिक और कला जगत से जुड़े अनेक गणमान्य व्यक्तियों के शामिल होने की संभावना है।

आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम में संगीत प्रस्तुतियों के साथ-साथ सम्मान समारोह एवं विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा। मध्य प्रदेश के कलाकारों एवं उनके परिवारों को इस अवसर पर सादर आमंत्रित किया गया है। कार्यक्रम के माध्यम से संगीत, संस्कृति और सामाजिक समरसता का संदेश देने का प्रयास किया जाएगा।

21 जून को इंदौर प्रेस क्लब में आयोजित होने वाला यह समारोह संगीत प्रेमियों और कलाकारों के लिए एक यादगार सांस्कृतिक उत्सव साबित होने की उम्मीद है, जहां सुर, साधना और संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments