युवाओं को जिम्मेदार नागरिक बनने और आपात स्थिति में निडर होकर 112 डायल करने के लिए किया गया प्रेरित
- शालिनी शर्मा
लखनऊ। युवाओं को जागरूक और सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत उत्तर प्रदेश मानव अधिकार आयोग, लखनऊ के 50 इंटर्न्स ने यूपी-112 मुख्यालय का भ्रमण किया। इस दौरान इंटर्न्स को प्रदेश की अत्याधुनिक आपातकालीन सेवा प्रणाली और उसकी कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी दी गई।
भ्रमण के दौरान लघु फिल्मों, ऑडियो-विजुअल प्रस्तुतियों और प्रेजेंटेशन के माध्यम से युवाओं को यूपी-112 की सेवाओं, तकनीकी व्यवस्थाओं तथा आपात स्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली से अवगत कराया गया। इंटर्न्स ने कंट्रोल रूम की कार्यशैली को करीब से देखा और आपातकालीन कॉल प्राप्त होने से लेकर सहायता पहुंचाने तक की पूरी प्रक्रिया को समझा।


अधिकारियों ने युवाओं को बताया कि किसी भी आपात स्थिति में बिना किसी भय या संकोच के 112 डायल कर सहायता प्राप्त की जा सकती है। साथ ही उन्हें समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझते हुए जरूरतमंद लोगों की सहायता करने और एक जागरूक नागरिक की भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान इंटर्न्स ने यूपी-112 की आधुनिक तकनीक आधारित सेवाओं की सराहना की और आपातकालीन सेवा प्रणाली के संचालन संबंधी विभिन्न जानकारियां प्राप्त कीं। इस पहल का उद्देश्य युवाओं में सुरक्षा जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति संवेदनशील बनाना है।


