लघु फिल्मों और संवाद सत्र के माध्यम से बच्चों को जिम्मेदार नागरिक बनने तथा निडर होकर 112 डायल करने के लिए किया गया जागरूक
- शालिनी शर्मा
लखनऊ। युवाओं और बच्चों को जागरूक एवं सशक्त बनाने की दिशा में एक विशेष पहल के तहत डायोसीसन सोशल वर्क सोसाइटी, लखनऊ के 50 बच्चों ने यूपी-112 मुख्यालय का भ्रमण किया। इस दौरान बच्चों को प्रदेश की अत्याधुनिक आपातकालीन सेवा प्रणाली और उसकी कार्यप्रणाली से अवगत कराया गया।
भ्रमण के दौरान लघु फिल्मों, संवाद सत्र और प्रस्तुतीकरण के माध्यम से बच्चों को बताया गया कि आपातकालीन परिस्थितियों में यूपी-112 किस प्रकार त्वरित सहायता उपलब्ध कराती है। बच्चों ने कंट्रोल रूम की कार्यप्रणाली को नजदीक से देखा और सहायता पहुंचाने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी प्राप्त की।

अधिकारियों ने बच्चों को बताया कि किसी भी संकट या आपात स्थिति में बिना किसी डर या झिझक के 112 डायल कर सहायता प्राप्त की जा सकती है। साथ ही उन्हें एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में समाज के प्रति अपने कर्तव्यों को समझने और जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए आगे आने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी करते हुए विभिन्न प्रश्न पूछे और यूपी-112 की कार्यप्रणाली को समझा। अधिकारियों ने उन्हें बताया कि समय पर दी गई एक सूचना किसी व्यक्ति की जान बचाने और बड़ी घटना को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
इस अवसर का उद्देश्य बच्चों में सुरक्षा जागरूकता बढ़ाने, आपातकालीन सेवाओं के प्रति विश्वास विकसित करने तथा उन्हें सामाजिक रूप से जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना रहा।


