HomeNEWSरक्तदान कर मनाया जन्मदिन, युवाओं ने पेश की मानवता की मिसाल

रक्तदान कर मनाया जन्मदिन, युवाओं ने पेश की मानवता की मिसाल

सर्व फॉर ह्यूमैनिटी संस्था के सदस्यों ने स्वेच्छा से किया रक्तदान, रक्तदाताओं को किया गया सम्मानित

  • निखिल गुप्ता

फतेहपुर। सर्व फॉर ह्यूमैनिटी संस्था के सदस्यों ने मानस रक्तकेंद्र पहुंचकर स्वैच्छिक रक्तदान कर मानवता और सेवा का संदेश दिया। संस्था से जुड़े युवाओं ने रक्तदान कर यह संदेश दिया कि विशेष अवसरों को समाजहित के कार्यों से भी यादगार बनाया जा सकता है।

यूपी पुलिस प्रयागराज में तैनात निशांत शुक्ला ने अपने जन्मदिन के अवसर पर 14वीं बार रक्तदान कर समाज के सामने प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया। उनके साथ फतेहपुर के मूल निवासी एवं वर्तमान में बिहार के बेगूसराय में कार्यरत शिक्षक आयुष्मान तथा संस्था के सक्रिय सदस्य आशीष ने भी स्वेच्छा से रक्तदान किया।

कार्यक्रम के दौरान संस्था से गुरमीत सिंह भी उपस्थित रहे। मानस रक्तकेंद्र के प्रभारी अमन यादव एवं अनामिका पाल ने रक्तदाताओं के इस मानवीय प्रयास की सराहना करते हुए निशांत शुक्ला, आयुष्मान एवं आशीष को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

संस्था के सदस्यों ने कहा कि रक्तदान एक महादान है, जिससे कई जरूरतमंद मरीजों को नया जीवन मिल सकता है। युवाओं का यह प्रयास समाज के लिए प्रेरणादायी है और लोगों को नियमित रूप से रक्तदान के लिए आगे आने का संदेश देता है।

सर्व फॉर ह्यूमैनिटी संस्था का मानना है कि जन्मदिन जैसे विशेष अवसरों को रक्तदान जैसे पुनीत कार्यों से मनाकर दूसरों के जीवन में उम्मीद और खुशियां बांटी जा सकती हैं। संस्था द्वारा किए जा रहे ऐसे सामाजिक कार्य लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन रहे हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments