
मारुति फाउंडेशन एवं हेरिटेज इंडिया के आयोजन में दिव्यांग बच्चों ने भी बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
- मेघा तिवारी
रायपुर। मारुति फाउंडेशन प्रस्तुत हेरिटेज इंडिया द्वारा साइबर जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से फ्यूजन आर्ट-2026 के अंतर्गत ड्रॉइंग, पेंटिंग, स्केचिंग एवं पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में सामान्य बच्चों के साथ-साथ दिव्यांग बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता का मुख्य विषय साइबर जागरूकता रहा, जबकि प्रतिभागियों को साइबर क्राइम, फादर्स डे एवं योग दिवस जैसे विषयों पर अपनी रचनात्मक अभिव्यक्ति प्रस्तुत करने का अवसर दिया गया। विभिन्न आयु वर्ग के बच्चों ने कला के माध्यम से सामाजिक एवं समसामयिक विषयों को प्रभावशाली ढंग से चित्रित किया।
प्रतियोगिता को लिटिल जूनियर, जूनियर एवं सीनियर वर्गों में आयोजित किया गया। लिटिल जूनियर वर्ग में विद्या यादव, जूनियर वर्ग में आरव प्रवीण चापकर तथा सीनियर वर्ग में सौम्या चौधरी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में डॉ. तृप्ति लूनिया, सुधा गोहिल, प्रकाश शर्मा, प्रिया सिंह तथा डॉ. प्रवीण कुमार शर्मा शामिल रहे। निर्णायकों ने प्रतिभागियों की रचनात्मकता, विषय की समझ एवं कलात्मक प्रस्तुति के आधार पर मूल्यांकन किया।
संस्था की अध्यक्ष मेघा तिवारी ने कहा कि प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य बच्चों एवं आमजन में साइबर सुरक्षा और डिजिटल जागरूकता का प्रसार करना है। उन्होंने बताया कि संस्था केंद्र सरकार एवं साइबर विशेषज्ञ डॉ. दीपक कुमार के सहयोग से छत्तीसगढ़ में साइबर जागरूकता अभियान चला रही है, जिसके माध्यम से लोगों को साइबर अपराधों से बचाव एवं सुरक्षित इंटरनेट उपयोग के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में साइबर सुरक्षा प्रत्येक नागरिक के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण विषय बन चुका है। ऐसे में कला और रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से बच्चों एवं युवाओं तक जागरूकता का संदेश पहुंचाना एक प्रभावी प्रयास है।
कार्यक्रम में प्रस्तुत चित्रों, पोस्टरों एवं स्केचों ने साइबर सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं को प्रभावशाली ढंग से प्रदर्शित किया। प्रतिभागियों की रचनात्मकता एवं विषय के प्रति उनकी समझ की अतिथियों एवं निर्णायकों ने सराहना की।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में अर्पण दिव्यांग पब्लिक स्कूल, सीमा छाबड़ा एवं तनुश्री दास का विशेष सहयोग रहा। आयोजकों ने सभी सहयोगियों, निर्णायकों, अभिभावकों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी समाजोपयोगी विषयों पर इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प दोहराया।


