


अनुप्रिया पटेल, अमृता फडणवीस, मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा और अभिनेता शाहिद कपूर ने किया योगाभ्यास
- नीलिमा पाठक
मुंबई। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मुंबई के वर्ली स्थित डोम, एसवीपी स्टेडियम में दिव्यज फाउंडेशन द्वारा भव्य योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने सहभागिता करते हुए योग के महत्व और स्वस्थ जीवनशैली को अपनाने का संदेश दिया।
इस अवसर पर दिव्यज फाउंडेशन की संस्थापक श्रीमती अमृता फडणवीस, महाराष्ट्र सरकार के मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा, अभिनेता शाहिद कपूर तथा अनेक गणमान्य अतिथियों ने भी योगाभ्यास किया और उपस्थित लोगों को नियमित योग अपनाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के स्कूलों के बच्चों तथा दिवंगत किसान परिवारों के बच्चों ने भी योग सत्र में उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों के साथ योगाभ्यास करते हुए केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने इसे अत्यंत भावुक और प्रेरणादायक अनुभव बताया।
उन्होंने कहा कि बचपन से ही योग को जीवन का हिस्सा बनाने से बच्चों को मानसिक तनाव और अवसाद जैसी समस्याओं से बचाया जा सकता है। साथ ही योग उन्हें शारीरिक रूप से स्वस्थ, मानसिक रूप से सशक्त और अनुशासित जीवन की ओर प्रेरित करता है।
योग उत्सव के इस विशेष आयोजन के माध्यम से समाज के अंतिम पायदान पर खड़े बच्चों को मुख्यधारा से जोड़ने तथा उनमें समावेशिता और अपनत्व की भावना विकसित करने का दिव्यज फाउंडेशन का प्रयास अत्यंत सराहनीय रहा।
कार्यक्रम के दौरान योग को जन-जन तक पहुंचाने और स्वस्थ भारत के निर्माण में इसकी भूमिका पर भी विस्तार से चर्चा की गई।


