कानूनी अधिकार, हेल्पलाइन नंबर, साइबर अपराध एवं सुरक्षा योजनाओं की दी गई जानकारी
- राहुल दीक्षित
कानपुर देहात। मिशन शक्ति-5 के द्वितीय चरण के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में जनपद कानपुर देहात की पुलिस द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाया गया।
अभियान के तहत पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने विभिन्न सार्वजनिक स्थलों, विद्यालयों, महाविद्यालयों तथा ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर महिलाओं और बालिकाओं को उनकी सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं। इस दौरान महिला सुरक्षा से जुड़ी विभिन्न सरकारी योजनाओं, हेल्पलाइन नंबरों, कानूनी अधिकारों तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
पुलिस टीमों ने महिलाओं एवं बालिकाओं को साइबर अपराधों से बचाव के उपायों के प्रति भी जागरूक किया। उन्हें सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, साइबर फ्रॉड और डिजिटल सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई।
अभियान के दौरान महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 तथा साइबर हेल्पलाइन 1930 के बारे में भी जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं और बालिकाओं से कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या या उत्पीड़न की स्थिति में बिना संकोच पुलिस की सहायता लें।
पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं में सुरक्षा की भावना को सुदृढ़ करना तथा उन्हें आत्मनिर्भर एवं जागरूक बनाना है। जनपद पुलिस ने लोगों से मिशन शक्ति अभियान में सहयोग करने और महिलाओं के सम्मान एवं सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने की अपील की है।


