
कोचिंग व हॉस्टल संचालकों को फायर सेफ्टी, आपात निकासी और बचाव उपायों का दिया गया व्यावहारिक प्रशिक्षण
- ज्योति सिंह
कानपुर नगर। जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कमिश्नरेट कानपुर नगर द्वारा 26 से 28 जून 2026 तक तीन दिवसीय “अग्नि सुरक्षा एवं बचाव जागरूकता एवं प्रशिक्षण अभियान” का शुभारंभ किया गया। पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल एवं अपर पुलिस आयुक्त (अपराध एवं मुख्यालय) संकल्प शर्मा के निर्देशन में आयोजित इस अभियान में मुख्य अग्निशमन अधिकारी दीपक शर्मा (फायर सर्विस) का विशेष सहयोग रहा। अभियान के नोडल अधिकारी अपर पुलिस उपायुक्त (अभिसूचना) महेश कुमार हैं।
अभियान के प्रथम दिवस पर पुलिस कार्यालय सभागार में कोचिंग संस्थानों एवं हॉस्टल संचालकों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में फायर सर्विस, सिविल डिफेंस एवं केस्को के विशेषज्ञों ने भवन सुरक्षा, विद्युत सुरक्षा, अग्निशमन उपकरणों के उपयोग तथा आपातकालीन निकासी व्यवस्था पर विस्तृत जानकारी दी।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को फायर एक्सटिंग्विशर के सुरक्षित एवं प्रभावी उपयोग का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया तथा विभिन्न अग्निशमन उपकरणों का लाइव डेमो भी प्रस्तुत किया गया। विशेषज्ञों ने बताया कि आग लगने जैसी आपात स्थितियों में सही प्रशिक्षण और त्वरित निर्णय से जान-माल की क्षति को काफी हद तक रोका जा सकता है।

कार्यक्रम में 85 से अधिक कोचिंग संस्थानों के संचालकों सहित 300 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया। अधिकारियों ने कहा कि कोचिंग संस्थानों एवं हॉस्टलों में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं अध्ययन और निवास करते हैं, इसलिए इन स्थानों पर सुरक्षा मानकों का पालन अत्यंत आवश्यक है।
प्रशिक्षण के दौरान सुरक्षित निकासी, प्राथमिक बचाव उपाय, आपातकालीन संपर्क व्यवस्था तथा आग लगने की स्थिति में अपनाई जाने वाली सावधानियों की भी जानकारी दी गई। अधिकारियों ने कहा कि जागरूकता और सतर्कता ही दुर्घटनाओं की रोकथाम का सबसे प्रभावी माध्यम है।
कमिश्नरेट कानपुर नगर द्वारा चलाया जा रहा यह अभियान संस्थानों के संचालकों को सुरक्षा मानकों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ भविष्य में संभावित हादसों को रोकने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।


