
ब्राह्मण समाज के अधिकारों, किसानों, युवाओं और कानून-व्यवस्था के मुद्दों पर सरकार को घेरा, राम मंदिर चढ़ावा मामले की निष्पक्ष जांच की उठाई मांग
- अंकित बाजपेई
कानपुर नगर। समाजवादी पार्टी कानपुर महानगर की ओर से किदवई नगर विधानसभा क्षेत्र में ब्राह्मण सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष हाजी फजल महमूद ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में बलिया के सांसद सनातन पांडे उपस्थित रहे। सम्मेलन का संयोजन सुधांशु मिश्रा तथा संचालन रजत मिश्रा ने किया।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए सांसद सनातन पांडे ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी ब्राह्मण या समाजवादी कार्यकर्ता के साथ अन्याय या उत्पीड़न हुआ तो समाजवादी पार्टी उनके अधिकारों की रक्षा के लिए मजबूती से खड़ी रहेगी। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ने हमेशा ब्राह्मण समाज के महापुरुषों का सम्मान किया है और आज भी ‘छोटे लोहिया’ जनेश्वर मिश्र के आदर्शों एवं विचारों पर चल रही है।
सांसद ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था, किसानों और युवाओं के मुद्दों को उठाते हुए आरोप लगाया कि भाजपा सरकार अपने चुनावी वादे पूरे करने में विफल रही है। उन्होंने कहा कि किसानों की आय दोगुनी करने और युवाओं को रोजगार देने के वादे पूरे नहीं हुए। भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक और परीक्षाएं निरस्त होने जैसी घटनाओं से युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है।
उन्होंने कहा कि सम्मेलन का उद्देश्य ब्राह्मण समाज को उनके अधिकारों, सामाजिक योगदान और संगठनात्मक शक्ति के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने दावा किया कि ब्राह्मण समाज हमेशा समाज और राष्ट्र निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाता रहा है और भविष्य में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
सम्मेलन के उपरांत आयोजित प्रेस वार्ता में सांसद सनातन पांडे ने अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर में चढ़ावे से जुड़े कथित अनियमितताओं के मामले का उल्लेख करते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने के लिए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का आभार व्यक्त करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि धर्म और आस्था के नाम पर राजनीति नहीं होनी चाहिए तथा पूरे मामले की पारदर्शी जांच होनी चाहिए।
कार्यक्रम में पूर्व सांसद राजाराम पाल, विधायक अमिताभ बाजपेई, विधायक मोहम्मद हसन रूमी, महानगर अध्यक्ष हाजी फजल महमूद, वरिष्ठ उपाध्यक्ष शैलेंद्र यादव ‘मिंटू’, महासचिव संजय सिंह बंटी सेंगर, ग्रामीण जिलाध्यक्ष मुनीन्द्र शुक्ला, पूर्व विधायक सतीश निगम, राष्ट्रीय सचिव अपर्णा जैन, आशीष चौबे, के.के. शुक्ल, रजत मिश्रा, शादाब आलम, मनोरमा त्रिवेदी, महिमा शर्मा, वीरेंद्र त्रिपाठी, ऋषि दुबे, के.के. मिश्रा, सुधीर त्रिवेदी, कार्तिकेय शुक्ला, सुनील बाजपेई, महेन्द्र सिंह सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं ब्राह्मण समाज के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।


