विधानसभा स्तरीय बूथ सम्मेलनों में संगठन विस्तार पर जोर, कार्यकर्ताओं से घर-घर पहुंचाने का आह्वान
- सौम्या पाण्डेय
कानपुर नगर। भारतीय जनता पार्टी द्वारा मिशन 2027 के तहत आयोजित विधानसभा स्तरीय बूथ सम्मेलनों में संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाने पर जोर दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि भाजपा विश्व की सबसे बड़ी कैडर आधारित राजनीतिक पार्टी है और उसकी सबसे बड़ी ताकत उसका बूथ स्तर का संगठन है। आगामी विधानसभा चुनाव की वास्तविक लड़ाई बूथों पर ही लड़ी जाएगी।
गोविंद नगर विधानसभा में आयोजित सम्मेलन को संबोधित करते हुए भाजपा कानपुर उत्तर के जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह तथा प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी का स्पष्ट संदेश है— “मेरा बूथ सबसे मजबूत”। उन्होंने कहा कि भाजपा की चुनावी सफलता का मूल आधार मजबूत बूथ संगठन है और यदि बूथ मजबूत होगा तो चुनावी विजय निश्चित होगी।
विधायक सुरेंद्र मैथानी ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी केवल चुनाव तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों को घर-घर तक पहुंचाना भी उनका दायित्व है। उन्होंने प्रत्येक बूथ अध्यक्ष और उनकी टीम से अपने क्षेत्र के हर मतदाता से संपर्क स्थापित कर सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

सम्मेलन में वक्ताओं ने कहा कि प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को बूथ समिति के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ को सुनना और उसके संदेशों को समाज तक पहुंचाना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है। साथ ही बूथ समितियों की नियमित बैठकें आयोजित कर संगठनात्मक गतिविधियों को और गति देने पर बल दिया गया।
नेताओं ने बूथ अध्यक्षों से प्रत्येक बूथ पर सशक्त एवं सक्रिय टीम गठित करने तथा पन्ना प्रमुखों की नियुक्ति सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची के प्रत्येक पन्ने तक संगठन की पहुंच ही भाजपा की सबसे बड़ी संगठनात्मक शक्ति है। मजबूत बूथ, सक्रिय कार्यकर्ता और समर्पित पन्ना प्रमुख ही मिशन 2027 में भाजपा की ऐतिहासिक जीत का मार्ग प्रशस्त करेंगे।
सम्मेलन के अंत में कार्यकर्ताओं ने “मेरा बूथ सबसे मजबूत”, “बूथ जीता तो चुनाव जीता” और “विकसित उत्तर प्रदेश–विकसित भारत” के संकल्प के साथ संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक सशक्त बनाने का प्रण लिया।
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा ने बताया कि सीसामऊ विधानसभा में मुख्य अतिथि सुनील तिवारी, गोविंद नगर में नरेंद्र जादौन, कल्याणपुर में गोपाल शर्मा तथा आर्यनगर में रामदेव शुक्ला विशेष रूप से उपस्थित रहे।


