29 जुलाई से 20 फरवरी तक चलेंगे समरसता, संत संपर्क और यात्रा अभियान, विभिन्न कार्यक्रमों के लिए संयोजक घोषित
- सौम्या पाण्डेय
कानपुर नगर। संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज के 650वें जयंती वर्ष को भारतीय जनता पार्टी समरसता संकल्प अभियान के रूप में मनाएगी। इसी क्रम में जिला भाजपा अध्यक्ष अनिल दीक्षित की अध्यक्षता में नवीन मार्केट स्थित जिला भाजपा कार्यालय में अभियान की तैयारियों को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न कार्यक्रमों के सफल संचालन के लिए संयोजकों की घोषणा की गई।
बैठक में अभियान के अंतर्गत श्री गुरु रविदास महाराज समरसता दीप अभियान के लिए किरण तिवारी, कलश वंदन अभियान के लिए शालिनी कटियार, संत संपर्क अभियान के लिए विजय वर्मा, समरसता यात्रा अभियान के लिए राम जी गुप्ता तथा युवा छात्रावास संपर्क अभियान के लिए सीमा एमबीए को संयोजक नियुक्त किया गया।
जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा ने बताया कि यह अभियान 29 जुलाई 2026 से 20 फरवरी 2027 तक संचालित किया जाएगा। अभियान के तहत समरसता, सामाजिक सद्भाव और संत गुरु रविदास महाराज के विचारों एवं संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से विभिन्न जनजागरण कार्यक्रम, संपर्क अभियान और यात्राएं आयोजित की जाएंगी।
उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य समाज के सभी वर्गों के बीच सामाजिक समरसता और आपसी सौहार्द को मजबूत करना तथा संत गुरु रविदास महाराज के जीवन मूल्यों और शिक्षाओं को व्यापक स्तर पर प्रसारित करना है।
बैठक में प्रमुख रूप से अभिनव दीक्षित, धीरज बाल्मीकि, अवधेश सोनकर, प्रमोद विश्वकर्मा, शिवांग मिश्रा, विनोद पाल एवं प्रशांत त्रिपाठी सहित भाजपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


