HomeNEWSकांवड़ यात्रा के दौरान 12 अगस्त तक प्रतिदिन होगी भव्य गंगा आरती,...

कांवड़ यात्रा के दौरान 12 अगस्त तक प्रतिदिन होगी भव्य गंगा आरती, श्रद्धालुओं से शामिल होने की अपील

मुरादनगर गंग नहर पर भक्ति और आस्था से गूंज उठी भव्य गंगा आरती

  • आशा चौधरी

गाज़ियाबाद ( मुरादनगर )। गंग नहर, मुरादनगर में शनिवार सायंकाल 7 बजे नमामि गंगे के तत्वावधान में भव्य एवं दिव्य गंगा आरती का आयोजन श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर मां गंगा की आराधना की। दीपों की मनमोहक आभा, वैदिक मंत्रोच्चार और गूंजते जयकारों के बीच पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।

आरती के दौरान श्रद्धालुओं ने मां गंगा से सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना की। गंगा तट पर सजे दीपों और धार्मिक अनुष्ठानों ने ऐसा अलौकिक दृश्य प्रस्तुत किया, जिसने उपस्थित श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभूति से भर दिया। पूरे परिसर में “हर-हर गंगे” और “जय मां गंगे” के उद्घोष लगातार गूंजते रहे।

आयोजकों ने बताया कि मुरादनगर की यह गंगा आरती क्षेत्र की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान बन चुकी है। कांवड़ यात्रा के पावन अवसर पर 30 जुलाई से 12 अगस्त तक प्रतिदिन सायंकाल 7 बजे गंगा आरती का आयोजन किया जाएगा, जिसमें श्रद्धालु बड़ी संख्या में शामिल होकर पुण्य लाभ प्राप्त कर सकेंगे।

नमामि गंगे टीम, मुरादनगर ने सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर मां गंगा की आरती में सहभागी बनने का आह्वान किया। टीम ने कहा कि मां गंगा की कृपा से सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि का संचार हो तथा पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ गंगा के संकल्प को भी जन-जन तक पहुंचाया जाए।

“हर-हर गंगे, नमामि गंगे” के जयघोष के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments