HomeNEWSदादानगर के शिक्षा सदन जूनियर हाई स्कूल में आत्मरक्षा जागरूकता कार्यशाला आयोजित

दादानगर के शिक्षा सदन जूनियर हाई स्कूल में आत्मरक्षा जागरूकता कार्यशाला आयोजित

श्रमिक परिवारों के बच्चों ने सीखी सेल्फ डिफेंस की तकनीकें, चेयरमैन विजय कपूर ने बढ़ाया उत्साह

  • अंकित बाजपेई

कानपुर नगर। दादानगर स्थित कोऑपरेटिव एस्टेट शिक्षा सदन जूनियर हाई स्कूल में श्रमिक एवं कामगार परिवारों के बच्चों के लिए ‘सेल्फ डिफेंस अवेयरनेस वर्कशॉप’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन कोऑपरेटिव एस्टेट वूमेन इंटरप्रेन्योर्स विंग के संरक्षण एवं देखरेख में तथा नानचाकू एसोसिएशन ऑफ इंडिया के सहयोग से किया गया।

कार्यक्रम में चेयरमैन विजय कपूर ने मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता की और बच्चों का उत्साहवर्धन किया। इस दौरान नानचाकू प्रशिक्षक बाबुल वर्मा ने बच्चों को आत्मरक्षा की विभिन्न तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षक ने आपात परिस्थितियों में स्वयं की सुरक्षा के लिए आवश्यक उपायों की जानकारी भी साझा की।

इस अवसर पर विजय कपूर ने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ आत्मरक्षा, अनुशासन और आत्मविश्वास भी प्रत्येक बच्चे के व्यक्तित्व विकास के महत्वपूर्ण आधार हैं। उन्होंने विशेष रूप से बेटियों और बच्चों को आत्मनिर्भर एवं जागरूक बनाने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि आज के समय में आत्मरक्षा का प्रशिक्षण बेहद आवश्यक हो गया है।

उन्होंने कहा कि आर्थिक अभाव किसी व्यक्ति की सफलता में बाधा नहीं बनते। मेहनत, संघर्ष और दृढ़ संकल्प के बल पर कोई भी व्यक्ति जीवन में ऊंचाइयों तक पहुंच सकता है और समाज व राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है।

कार्यक्रम में कोऑपरेटिव एस्टेट वूमेन इंटरप्रेन्योर्स विंग की अध्यक्ष रमन कपूर और उनकी टीम की भी सराहना की गई। बताया गया कि संस्था बच्चों के सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से समय-समय पर खेल, फिटनेस, व्यक्तित्व विकास एवं विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन कर उन्हें आगे बढ़ने के अवसर प्रदान कर रही है। उपस्थित लोगों ने इस पहल को समाज के लिए प्रेरणादायक बताते हुए इसकी सराहना की।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments