चेयरमैन विजय कपूर ने फीता काटकर किया उद्घाटन, उद्योगों को बेहतर सर्विस और तकनीकी सुविधाएं मिलेंगी
- अंकित बाजपेई
कानपुर नगर। दादानगर इंडस्ट्रियल एस्टेट में जैक पावर जनरेटर प्राइवेट लिमिटेड एवं किर्लोस्कर केयर द्वारा स्थापित ‘न्यू आफ्टर मार्केट डीलर फैसिलिटी सेंटर’ का शुभारंभ समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे चेयरमैन विजय कपूर ने फीता काटकर और दीप प्रज्ज्वलित कर आधुनिक सर्विस सेंटर का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर विजय कपूर ने कहा कि यह सर्विस सेंटर केवल एक नए प्रतिष्ठान की शुरुआत नहीं, बल्कि कानपुर के औद्योगिक विकास को नई दिशा देने वाला महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस केंद्र के माध्यम से उद्यमियों और व्यापारियों को अधिकृत एवं उच्च गुणवत्ता वाली सर्विस, विशेषज्ञ तकनीकी मार्गदर्शन, मशीनों के रखरखाव संबंधी सलाह तथा आवश्यक स्पेयर पार्ट्स की सुविधा एक ही स्थान पर उपलब्ध होगी।

उन्होंने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से लैस यह केंद्र उद्योगों की कार्यक्षमता बढ़ाने, मशीनों के रखरखाव को बेहतर बनाने, समय की बचत करने और उत्पादन क्षमता में वृद्धि करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिष्ठान के प्रबंध निदेशक महेश गुप्ता, एम.एम. चड्ढा, नितिन प्रभु, प्रवीण जैन एवं दीपक ग्रोवर ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। विजय कपूर ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए इस पहल को उद्योग जगत के लिए लाभकारी बताया।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल के प्रदेश प्रभारी एवं कानपुर अध्यक्ष कपिल सभरवाल, रमेश त्रिवेदी, भारत त्रिवेदी, अशोक अरोड़ा, शरद त्रिवेदी सहित बड़ी संख्या में उद्योगपति, व्यापारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सभी ने नए सर्विस सेंटर के शुभारंभ को कानपुर के औद्योगिक विकास के लिए सकारात्मक पहल बताया।


