HomeNEWSबारिश से प्रभावित कानपुर के उद्यमियों और व्यापारियों को तत्काल राहत दे...

बारिश से प्रभावित कानपुर के उद्यमियों और व्यापारियों को तत्काल राहत दे सरकार: पवन गुप्ता

कांग्रेस ने बैठक कर जलभराव से हुए नुकसान पर जताई चिंता, मुख्यमंत्री से सर्वे, मुआवजा और राहत पैकेज की मांग

  • हरिओम गुप्ता

कानपुर नगर। लगातार हुई भारी बारिश के कारण कानपुर के कई औद्योगिक एवं व्यापारिक क्षेत्रों में हुए जलभराव से व्यापारियों और उद्यमियों को भारी नुकसान का सामना करना पड़ा है। इस मुद्दे को लेकर कानपुर महानगर कांग्रेस ने तिलक हाल में महानगर अध्यक्ष पवन गुप्ता के नेतृत्व में बैठक आयोजित कर प्रभावित व्यापारियों की समस्याओं पर चर्चा की।

बैठक में बताया गया कि दादा नगर, पनकी औद्योगिक क्षेत्र, फजलगंज, साइट नंबर-1, साइट नंबर-2, गुमटी नंबर-5, कल्याणपुर और जाजमऊ सहित कई क्षेत्रों में जलभराव के कारण कच्चा माल, तैयार माल, मशीनरी तथा दुकानों और कारखानों में रखा सामान क्षतिग्रस्त हो गया है। इसके चलते उत्पादन और व्यापारिक गतिविधियां भी प्रभावित हुई हैं, जिससे व्यापारियों को भारी आर्थिक नुकसान होने की आशंका है।

बैठक में व्यापारियों और कांग्रेस व्यापार प्रकोष्ठ के प्रतिनिधियों ने अपनी समस्याओं से महानगर कांग्रेस नेतृत्व को अवगत कराया। इस दौरान जल निकासी व्यवस्था को लेकर भी चिंता व्यक्त की गई।

महानगर कांग्रेस अध्यक्ष पवन गुप्ता ने मुख्यमंत्री से मांग की कि बारिश से प्रभावित व्यापारियों एवं उद्यमियों का तत्काल सर्वे कराया जाए और उन्हें उचित मुआवजा तथा आर्थिक राहत प्रदान की जाए। उन्होंने कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए नालों और नालियों की नियमित सफाई, जल निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा ड्रेनेज सिस्टम में सुधार के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।

पवन गुप्ता ने कहा कि कानपुर के व्यापारी और उद्यमी शहर की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। ऐसे में संकट की इस घड़ी में सरकार को उनके साथ खड़ा होकर शीघ्र राहत उपलब्ध करानी चाहिए।

बैठक के अंत में कानपुर महानगर कांग्रेस ने मुख्यमंत्री से प्रभावित व्यापारियों और उद्यमियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए जल्द राहत पैकेज घोषित करने और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments