HomeNEWSनिःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं रक्तदान शिविर में उमड़ी भीड़, 45 यूनिट रक्त...

निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं रक्तदान शिविर में उमड़ी भीड़, 45 यूनिट रक्त हुआ संग्रहित

द गौड़ फाउंडेशन और आईएमए कानपुर की संयुक्त पहल, 250 से अधिक लोगों ने उठाया निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ

  • हरिओम गुप्ता

कानपुर नगर। द गौड़ फाउंडेशन एवं इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA), कानपुर के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को परेड स्थित आईएमए हॉल में निःशुल्क मेडिकल हेल्थ चेक-अप एवं स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने स्वास्थ्य परीक्षण, विशेषज्ञ परामर्श एवं रक्तदान कर जनसेवा के इस अभियान में सहभागिता निभाई।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. एस.के. कटियार एवं आईएमए कानपुर के अध्यक्ष डॉ. अनुराग मेहरोत्रा ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर डॉ. कटियार ने नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, स्वैच्छिक रक्तदान और जनसेवा को समाज के लिए अत्यंत आवश्यक बताते हुए द गौड़ फाउंडेशन एवं आईएमए की इस जनहितकारी पहल की सराहना की।

शिविर के दौरान तिरंगा ग्रुप के प्रबंध निदेशक नरेंद्र शर्मा ने स्वयं रक्तदान कर लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के प्रथम सत्र में डॉ. रीता मित्तल, डॉ. अनुराग मेहरोत्रा, डॉ. सौरभ चावला, डॉ. बृजेन्द्र शुक्ला एवं डॉ. क्षमा शुक्ला ने क्रमशः सर्वाइकल कैंसर, स्वस्थ जीवनशैली, हड्डियों के स्वास्थ्य, सामान्य स्वास्थ्य जागरूकता तथा महिलाओं के स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्याख्यान देकर उपस्थित लोगों को जागरूक किया।

शिविर में 250 से अधिक लोगों ने विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों से निःशुल्क स्वास्थ्य परामर्श एवं ओपीडी सेवाओं का लाभ उठाया। वहीं, स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में युवाओं एवं समाजसेवियों के उत्साहपूर्ण सहयोग से 45 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति-चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के समापन पर आयोजन से जुड़े सभी विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं सहयोगियों का सम्मान किया गया। आयोजकों ने कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार के जनकल्याणकारी स्वास्थ्य एवं रक्तदान शिविर आयोजित कर लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया जाएगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments