65 नर्सिंग एवं पेरामेडिकल कर्मियों ने लिया हिस्सा, स्तनपान के लाभों और जागरूकता पर दिया गया जोर
- हरिओम गुप्ता
कानपुर नगर। विश्व स्तनपान सप्ताह-2026 के उपलक्ष्य में भारतीय बाल रोग अकादमी, कानपुर द्वारा हैलेट अस्पताल के बाल रोग विभाग सभागार में नर्सिंग एवं पेरामेडिकल स्टाफ के लिए जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 65 नर्सिंग एवं पेरामेडिकल कर्मियों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. राहुल सिंह ने किया। इस दौरान नर्सिंग स्टाफ ने पोस्टरों के माध्यम से स्तनपान के महत्व और उसके लाभों को प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि स्तनपान शिशु की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने, मानसिक एवं शारीरिक विकास को बेहतर बनाने तथा माँ और शिशु के बीच भावनात्मक संबंध को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
डॉ. आर.पी. सिंह ने स्तनपान से जुड़े विभिन्न वैज्ञानिक पहलुओं की जानकारी देते हुए नवजात शिशुओं के लिए जन्म के तुरंत बाद स्तनपान शुरू कराने और पहले छह माह तक केवल माँ का दूध पिलाने के महत्व पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर भारतीय बाल रोग अकादमी, कानपुर के सचिव एवं बाल रोग विभागाध्यक्ष डॉ. शैलेन्द्र गौतम, डॉ. अरुण आर्य, डॉ. यशवंत राव, डॉ. अमितेश यादव तथा डॉ. प्रशांत सहित अन्य चिकित्सक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में वक्ताओं ने कहा कि भारतीय बाल रोग अकादमी का यह प्रयास मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के साथ-साथ समाज में स्तनपान को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर करने और वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।


