
गुमटी नंबर-5 में सांसद रमेश अवस्थी ने किया लोकार्पण, सुरक्षित और स्वच्छ सार्वजनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर दिया जोर
- अंकित बाजपेई
कानपुर नगर। महिलाओं की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए गुमटी नंबर-5 क्षेत्र में निर्मित पिंक टॉयलेट का शनिवार को सांसद रमेश अवस्थी ने लोकार्पण किया। उन्होंने इस जनसुविधा को क्षेत्र की माताओं एवं बहनों को समर्पित करते हुए कहा कि महिलाओं के लिए सुरक्षित, स्वच्छ और सम्मानजनक सार्वजनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए सांसद रमेश अवस्थी ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना सामाजिक उत्तरदायित्व के साथ-साथ सुशासन का भी महत्वपूर्ण हिस्सा है। पिंक टॉयलेट जैसी सुविधाएं महिलाओं को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। उन्होंने कहा कि शहर में महिलाओं की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए जनहित से जुड़े ऐसे विकास कार्य निरंतर जारी रहेंगे।
उन्होंने कहा कि महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण के लिए केवल योजनाएं बनाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू करना भी आवश्यक है। इसी उद्देश्य से शहर में महिला हितों से जुड़ी आधारभूत सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है।
इस अवसर पर अनिल लालचंदानी, लकी गुप्ता, रमिंद्र सिंह, क्षेत्र की माताएं-बहनें, स्थानीय व्यापारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। उपस्थित लोगों ने पिंक टॉयलेट की स्थापना को महिलाओं के लिए उपयोगी और सराहनीय पहल बताते हुए सांसद रमेश अवस्थी का आभार व्यक्त किया।


