छात्रों, नौजवानों और बेटियों के साथ अन्याय का लगाया आरोप, कलाकारों को सम्मान और युवाओं को न्याय देने का किया वादा
- अखिलेश कुमार अग्रहरि
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार प्रदेश के लिए सबसे बड़ा संकट बन गई है। उन्होंने कहा कि जब तक भाजपा सत्ता से बाहर नहीं होगी, तब तक प्रदेश की समस्याओं का समाधान संभव नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार ने छात्रों, नौजवानों और बेटियों के साथ अन्याय किया है तथा पुलिस के माध्यम से आंदोलनकारी युवाओं पर बर्बर कार्रवाई कराई है।
समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार और उसके नेताओं ने आंदोलनरत छात्रों से यह आश्वासन दिया था कि उनके खिलाफ कोई मुकदमा दर्ज नहीं होगा और न ही उनका उत्पीड़न किया जाएगा। इसके बावजूद छात्रों को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार के इस रवैये से उसकी विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं और लोकतंत्र में लोगों का भरोसा कमजोर हो रहा है।
उन्होंने फतेहपुर की घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां स्कूली बच्चों ने केवल पीने के पानी और विद्यालय में पंखे लगाए जाने जैसी बुनियादी सुविधाओं की मांग की थी। सरकार द्वारा मांगें स्वीकार किए जाने के बाद भी बच्चों और उनके परिवारों को परेशान किया जा रहा है। उन्होंने घोषणा की कि समाजवादी पार्टी के विधायक पीड़ित छात्रों के परिवारों से मिलेंगे और हरसंभव सहायता प्रदान करेंगे।
अखिलेश यादव ने कहा कि जो सरकार उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को वन ट्रिलियन डॉलर बनाने का दावा करती है, उसे सबसे पहले सरकारी स्कूलों में बिजली, पानी और अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करानी चाहिए। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को मजबूत किए बिना विकास के दावे खोखले साबित होंगे।
भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 के बाद प्रदेश के कई सरकारी तालाबों और जमीनों पर कब्जे हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भूमाफियाओं और भाजपा से जुड़े लोगों की मिलीभगत से सार्वजनिक संपत्तियों पर अवैध कब्जे किए गए हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार और लूट अपने चरम पर है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में बने कई एक्सप्रेस-वे निर्माण के कुछ ही समय बाद धंस गए या क्षतिग्रस्त हो गए। लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेस-वे और बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे का उल्लेख करते हुए उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल उठाए और कहा कि जनता के धन का दुरुपयोग किया गया है।
अखिलेश यादव ने अयोध्या में राम मंदिर से जुड़े चढ़ावे और निर्माण कार्यों को लेकर भी सरकार पर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में छात्रों और युवाओं पर अत्याचार हुआ है तथा पेपर लीक जैसी घटनाओं ने युवाओं के भविष्य को नुकसान पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि आज की नई पीढ़ी सब देख रही है और समय आने पर इसका जवाब देगी।
एक प्रश्न के उत्तर में अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर कलाकारों को सम्मान और प्रोत्साहन दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति, परंपरा और सामाजिक सौहार्द को आगे बढ़ाने वाले कलाकारों का सम्मान समाजवादी सरकार की प्राथमिकता होगी। उन्होंने याद दिलाया कि उनके कार्यकाल में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले लोगों को यश भारती सम्मान प्रदान किया जाता था और भविष्य में भी ऐसी परंपराओं को आगे बढ़ाया जाएगा।


