महिला कार्यकर्ताओं ने जनहित के मुद्दों पर सक्रियता बढ़ाने और घर-घर संपर्क अभियान चलाने का लिया संकल्प
- दीप्ति सिंह
बरेली। समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय में महिला सभा की पीडीए बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी राजनीतिक गतिविधियों में महिलाओं की भूमिका, संगठन की मजबूती और जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक का नेतृत्व महिला सभा की जिलाध्यक्ष स्मिता यादव ने किया।
बैठक को संबोधित करते हुए स्मिता यादव ने कहा कि समाज में बदलाव और विकास के लिए महिलाओं की भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने महिला कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और मोहल्लों तक पहुंचकर महिलाओं को जागरूक करने तथा पार्टी की नीतियों एवं जनहित से जुड़े मुद्दों को आम लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
स्मिता यादव ने भाजपा सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि किसान, शिक्षा और आम जनता से जुड़े मुद्दों पर महिलाओं को अपनी आवाज बुलंद करनी होगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर भाजपा की नीतियों के खिलाफ संघर्ष करने और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की अपील की।

बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भी संगठन की सक्रियता बढ़ाने पर जोर दिया गया। महिला कार्यकर्ताओं को घर-घर संपर्क कर अधिक से अधिक महिलाओं को संगठन से जोड़ने तथा उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए गए।
इस दौरान महिला कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत करने और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने के साथ आगामी चुनाव में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
बैठक में जिला महासचिव मिथलेश आर्य, जिला उपाध्यक्ष शशि चंद्रा, हुरिया रहमान, आसमां पाशा, जिला सचिव ममता सागर, विमला चंद्रा, मीना, रेशम देवी, रामप्यारी, उमा देवी, नगमा बानो और शहनाज सहित बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता मौजूद रहीं।


