
एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ ने पुलिस सुविधाओं का किया उद्घाटन, निर्माणाधीन ICCC का निरीक्षण कर समय से कार्य पूरा करने के दिए निर्देश
- विवेक कुमार
औरैया। एडीजी जोन कानपुर अनुपम कुलश्रेष्ठ ने जनपद औरैया के थाना कोतवाली औरैया परिसर में नवनिर्मित अनुपम वाटिका, ई-मालखाना एवं नव-संचालित परिवार परामर्श केंद्र का उद्घाटन किया। इसके साथ ही थाना दिबियापुर और थाना कुदरकोट में नवनिर्मित ई-मालखाना तथा सर्किल बिधूना और सर्किल अजीतमल में नव-संचालित परिवार परामर्श केंद्र का ऑनलाइन उद्घाटन भी किया गया।
उद्घाटन के उपरांत एडीजी ने कोतवाली औरैया परिसर में निर्माणाधीन ICCC (एकीकृत कमांड एवं नियंत्रण केंद्र) का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति और वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की।
एडीजी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराया जाए। उन्होंने निर्माण के दौरान गुणवत्ता और निर्धारित मानकों का विशेष ध्यान रखने के भी निर्देश दिए।

इस अवसर पर वर्ष 2020 में थाना कोतवाली औरैया क्षेत्र में हुए चर्चित दोहरे हत्याकांड के अभियुक्तों को आजीवन सश्रम कारावास एवं अर्थदंड की सजा दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले पुलिसकर्मियों, जिला शासकीय अधिवक्ता एवं सहायक जिला शासकीय अधिवक्ता को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
एडीजी ने पुलिसकर्मियों एवं अभियोजन पक्ष की प्रभावी पैरवी और उनके योगदान की सराहना करते हुए कहा कि गंभीर अपराधों में प्रभावी विवेचना, मजबूत साक्ष्य संकलन और प्रभावी अभियोजन के माध्यम से दोषियों को सजा दिलाना कानून व्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
नवीन सुविधाओं के शुरू होने से पुलिस कार्यप्रणाली को अधिक व्यवस्थित एवं तकनीक आधारित बनाने के साथ-साथ आमजन को परिवार संबंधी विवादों के समाधान और अन्य पुलिस सेवाओं में बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।


