जीवनशाह और जेल चौराहे का किया निरीक्षण, नो-पार्किंग में वाहन खड़ा करने वालों पर होगी कार्रवाई
- नरेश राठौर
झांसी। लगातार बारिश के बीच जिलाधिकारी झांसी गौरांग राठी ने नगर आयुक्त आकांक्षा राणा, एसपी सिटी प्रीति सिंह सहित अधिकारियों की टीम के साथ शहर के प्रमुख चौराहों का भ्रमण कर यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। टीम ने जीवनशाह चौराहा और जेल चौराहा का निरीक्षण करते हुए यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि रोड सेफ्टी के निर्धारित मानकों के अनुरूप चौराहों की यातायात व्यवस्था में सुधार किया जाएगा। यातायात के दबाव और सड़क पर होने वाली अव्यवस्थाओं को चिन्हित कर आवश्यक कदम उठाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
जिलाधिकारी ने सड़क किनारे नो-पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़ा करने तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्ती बरतने के निर्देश दिए। ऐसे मामलों में नियमानुसार चालान की कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के साथ-साथ सड़क सुरक्षा के मानकों का प्रभावी ढंग से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।


