
अभिनंदन ग्रंथ का हुआ लोकार्पण, अखिलेश बोले- कवियों और साहित्यकारों को सम्मान देने की परंपरा आगे भी रहेगी
- अखिलेश कुमार अग्रहरि
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कवि, साहित्यकार एवं हिन्दी संस्थान के पूर्व अध्यक्ष डॉ. उदय प्रताप सिंह के अभिनंदन समारोह में उन्हें बधाई देते हुए दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना की। समाजवादी पार्टी के राज्य मुख्यालय स्थित डॉ. राममनोहर लोहिया सभागार में आयोजित कार्यक्रम में ‘डॉ. उदय प्रताप सिंह गुरू जी अभिनंदन ग्रंथ’ का लोकार्पण भी अखिलेश यादव ने किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि उदय प्रताप सिंह की कविताएं व्यापक रूप से उद्धृत की जाती हैं, लेकिन मूल रूप से वे समाजवादी चिंतनधारा के कवि हैं। उन्होंने कहा कि नेताजी मुलायम सिंह यादव ने कवियों, साहित्यकारों और समाज में उत्कृष्ट योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित करने की परंपरा स्थापित की थी।
अखिलेश यादव ने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में भी कवियों और साहित्यकारों को सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यश भारती सम्मान की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए सम्मान के साथ दी जाने वाली राशि को दोगुना किया जाएगा।
उन्होंने डॉ. उदय प्रताप सिंह के राजनीतिक एवं साहित्यिक योगदान का उल्लेख करते हुए बताया कि वे मैनपुरी से दो बार सांसद और राज्यसभा सदस्य भी रहे। वर्ष 1993 में सूरीनाम में आयोजित विश्व हिन्दी सम्मेलन में उन्होंने भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया था।

मैनपुरी से मिला सम्मान बताया विशेष
अपने अभिनंदन के लिए डॉ. उदय प्रताप सिंह ने मां संतोषी फाउंडेशन और सभी शुभचिंतकों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि उन्हें सूरीनाम में आचार्य की डिग्री सहित यश भारती और कई अन्य सम्मान प्राप्त हुए हैं, लेकिन गृह जनपद मैनपुरी से मिला यह सम्मान उनके लिए विशेष महत्व रखता है। इस दौरान उन्होंने अपनी लिखी नई गजल भी प्रस्तुत की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए सूर्य कुमार पांडेय ने डॉ. उदय प्रताप सिंह की बौद्धिक प्रखरता और समाजवादी प्रतिबद्धता की सराहना की। दीन मोहम्मद दीन और मस्ताना जी ने भी उन्हें शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर मां संतोषी फाउंडेशन की ओर से मैनपुरी की सांसद डिंपल यादव को भी सम्मानित किया गया। वहीं सुप्रसिद्ध कवयित्री सरिता शर्मा, स्माइलमैन सर्वेश अस्थाना और पूर्व आईएएस डीएन लाल सहित कई वक्ताओं ने डॉ. उदय प्रताप सिंह के व्यक्तित्व एवं साहित्यिक योगदान को याद किया।
मां संतोषी फाउंडेशन, मिश्राना मैनपुरी की ओर से आयोजित समारोह में फाउंडेशन के संस्थापक सत्यसेवक मिश्र, वरिष्ठ कवि बलराम श्रीवास्तव, वरिष्ठ पत्रकार पंकज मिश्रा, इंजीनियर प्रतोष मिश्रा सहित पूरी टीम ने डॉ. उदय प्रताप सिंह का अभिनंदन किया।
कार्यक्रम में सपा प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल, राजेन्द्र चौधरी, अंबिका चौधरी, अरविंद सिंह गोप, प्रो. रमेश दीक्षित, वंदना मिश्रा, चरन सिंह बशर, असीम यादव, मणींद्र मिश्र, दीपक कबीर, मालविका हरिओम, प्रो. लक्ष्मण यादव, श्याम मिश्रा, दीपक रंजन सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।


