
शिकायत लेकर नहीं, आभार जताने पहुंचीं नीतू द्विवेदी; SP ने गले लगाकर किया स्वागत, भावुक कर देने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
- आशीष तिवारी
कानपुर देहात। पुलिस और जनता के बीच संवेदनशीलता एवं मानवीय जुड़ाव की मिसाल पेश करने वाला एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कानपुर देहात की SP एवं IPS अधिकारी श्रद्धा पांडेय एक दिव्यांग महिला को गले लगाती नजर आ रही हैं। खास बात यह है कि महिला किसी शिकायत या एफआईआर के लिए नहीं, बल्कि अपनी समस्या का समाधान होने पर पुलिस अधीक्षक का आभार जताने पहुंची थी।
जानकारी के अनुसार, बरौर थाना क्षेत्र के सिथरा बुजुर्ग गांव निवासी नीतू द्विवेदी दिव्यांग हैं और बैसाखियों के सहारे चलती हैं। करीब दो महीने पहले उनके घर में पानी की सप्लाई बाधित हो गई थी। समस्या के समाधान के लिए वह कई कार्यालयों के चक्कर लगाती रहीं। बताया गया कि पानी की व्यवस्था के लिए उन्हें करीब 25 किलोमीटर दूर तक जाना पड़ता था।
जब समस्या का समाधान नहीं हुआ तो नीतू द्विवेदी ने अपनी परेशानी SP श्रद्धा पांडेय के समक्ष रखी। मामला सीधे पुलिस विभाग से संबंधित नहीं होने के बावजूद पुलिस ने संबंधित विभाग से समन्वय कर समस्या के समाधान में मदद की। इसके बाद नीतू के घर पानी की सप्लाई बहाल हो गई।


समस्या दूर हुई तो लेकर पहुंचीं सिर्फ धन्यवाद
पानी की समस्या दूर होने के बाद नीतू द्विवेदी अपनी बेटी के साथ SP कार्यालय पहुंचीं। इस बार उनके हाथ में कोई शिकायत या आवेदन नहीं था। वह केवल SP श्रद्धा पांडेय को धन्यवाद देने पहुंची थीं। उन्होंने एसपी को एक पेन भी उपहार में दिया।
नीतू को सामने देखकर SP श्रद्धा पांडेय ने आगे बढ़कर उन्हें गले लगा लिया। दोनों के बीच का यह भावुक क्षण कैमरे में कैद हो गया, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।
पुलिस और जनता के बीच भरोसे की तस्वीर
इस घटना ने यह संदेश दिया कि जनसेवा केवल शिकायतों के निस्तारण तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरतमंद व्यक्ति की मदद के लिए संवेदनशीलता और मानवीय दृष्टिकोण भी उतना ही महत्वपूर्ण है।
नीतू की कहानी में शिकायत से ज्यादा आभार और कार्रवाई से ज्यादा इंसानियत नजर आई। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर लोग पुलिस अधीक्षक श्रद्धा पांडेय के इस संवेदनशील व्यवहार की सराहना कर रहे हैं।


