
प्राथमिक विद्यालय बंधवा ओसियां को मिला ‘ग्रीन स्कूल ऑफ उन्नाव’ अवार्ड, बच्चों ने 11 पौधे लगाकर लिया संरक्षण का संकल्प
- गौरव मिश्रा
उन्नाव। रक्षा बंधन के पर्व को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ते हुए उन्नाव में वृक्ष रक्षाबंधन का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में उन्नाव पुलिस कंट्रोल रूम प्रभारी एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए ‘ट्री मैन’ के रूप में पहचान बना चुके वरिष्ठ उपनिरीक्षक अनूप मिश्र अपूर्व ने बीघापुर क्षेत्र के ओसियां स्थित प्राथमिक विद्यालय बंधवा में पर्यावरण रक्षा उत्सव का आयोजन किया।
कार्यक्रम का संचालन सहायक अध्यापक गरिमा गुप्ता के मार्गदर्शन में किया गया। इस दौरान विद्यालय के बच्चों ने परिसर में लगे पेड़-पौधों को पर्यावरण राखी बांधी और उनकी सुरक्षा का संकल्प लिया। छात्राओं ने ट्री मैन अनूप मिश्र को भी राखी बांधी। अनूप मिश्र ने बच्चों को रक्षाबंधन को पर्यावरण रक्षा उत्सव के रूप में मनाने तथा अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर बच्चों ने अनूप मिश्र के साथ विद्यालय परिसर में बरगद सहित 11 पौधों का रोपण किया। पौधों की पूजा-अर्चना कर उनकी नियमित देखभाल एवं सुरक्षा का संकल्प भी लिया गया।

‘ग्रीन स्कूल ऑफ उन्नाव’ अवार्ड से सम्मानित हुआ विद्यालय
प्राथमिक विद्यालय बंधवा को विद्यालय परिसर में हरियाली बढ़ाने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता पैदा करने के लिए ‘ग्रीन स्कूल ऑफ उन्नाव’ अवार्ड से सम्मानित किया गया। विद्यालय में बच्चों को पेड़-पौधों की सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के प्रयासों की सराहना की गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अनूप मिश्र ने प्रधानाध्यापक आरती वर्मा, सहायक शिक्षक गरिमा गुप्ता, सुनीता सिंह एवं शिक्षा मित्र संतोष कुमार को विद्यालय में हरियाली बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण में योगदान के लिए ‘पर्यावरण प्रहरी वृक्ष मित्र सम्मान’ प्रदान किया।

बच्चों को हरियाली का संदेश
सहायक अध्यापक गरिमा गुप्ता के मार्गदर्शन में बच्चों द्वारा तैयार किए गए हरित बधाई पत्रों और उनमें लिखे पर्यावरण संरक्षण के संदेशों की अनूप मिश्र ने सराहना की। शिक्षकों ने बच्चों को पौधों की देखभाल, वृक्षों की सुरक्षा और स्वच्छ एवं हरित वातावरण बनाए रखने के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।

रसोइयों को मिला ‘माता अन्नपूर्णा सेवा सम्मान’
विद्यालय में बच्चों के लिए प्रतिदिन भोजन तैयार कर सेवा एवं समर्पण की मिसाल पेश करने वाली रसोइया माता रानी और सावित्री को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए उपहार भेंट कर ‘माता अन्नपूर्णा सेवा सम्मान’ से सम्मानित किया गया। सम्मान मिलने पर दोनों रसोइयों में खुशी का माहौल रहा। इस दौरान बच्चों के प्रति उनके सेवाभाव और समर्पण की सराहना की गई।

पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प
ट्री मैन अनूप मिश्रा के साथ बरगद संरक्षण अभियान के तहत विद्यालय की प्रधानाध्यापक आरती वर्मा, सहायक शिक्षिका गरिमा गुप्ता एवं सुनीता सिंह, शिक्षा मित्र संतोष कुमार, रसोइया सावित्री सिंह एवं रानी सिंह तथा विद्यालय के बच्चों ने पौधरोपण किया। सभी ने पौधों की पूजा-अर्चना कर उनकी रक्षा और देखभाल का संकल्प लिया।
इस अवसर पर अनूप मिश्र ने कहा कि “पेड़-पौधे भी हमारे जीवन का अभिन्न हिस्सा हैं। उनकी रक्षा करना केवल पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का पक्का भरोसा है।” उन्होंने लोगों से रक्षाबंधन के पर्व पर पेड़-पौधों को राखी बांधकर उनके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की।


