कल्याणपुर विधायक नीलिमा कटियार, जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह और मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन ने शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र, अंगवस्त्र एवं माल्यार्पण कर किया सम्मानित।
- हरिओम गुप्ता
कानपुर नगर। शिक्षक दिवस के अवसर पर सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में शिक्षक दिवस सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कल्याणपुर विधायक नीलिमा कटियार, जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह एवं मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर तथा पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण कर किया।
समारोह के दौरान माध्यमिक शिक्षा विभाग के 16 तथा बेसिक शिक्षा विभाग के 45 शिक्षकों सहित कुल 61 शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र, अंगवस्त्र एवं माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने सभी शिक्षकों को अपने कार्यक्षेत्र में निरंतर नए आयाम स्थापित करने के लिए प्रेरित किया और उन्हें शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा प्रदेश स्तर पर आयोजित शिक्षक सम्मान समारोह का सजीव प्रसारण भी शिक्षकों को दिखाया गया।
समारोह में उप शिक्षा निदेशक एवं जिला विद्यालय निरीक्षक प्रवीण कुमार तिवारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी हरिओम सिंह तथा वित्त एवं लेखा अधिकारी दीपक कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
सम्मानित शिक्षकों में हिना, किरन प्रजापति, आफताब आलम, नीलोफर, अभय श्रीवास्तव, कौशलेन्द्र, आशीष सिंह, कुंवर प्रताप सिंह और सुनीता सिंघल सहित अन्य शिक्षक शामिल रहे।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में डीसी अनिरुद्ध सिंह, डीसी डिम्पल रानी, एसआरजी राजेश यादव, अलका गुप्ता एवं सोनिया मल्होत्रा ने सहयोग प्रदान किया।


