HomeNEWSइंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक ने मनाया 9वां स्थापना दिवस, सुदूर क्षेत्रों तक...

इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक ने मनाया 9वां स्थापना दिवस, सुदूर क्षेत्रों तक पहुंचा रहा डिजिटल बैंकिंग

13.25 करोड़ ग्राहकों से जुड़ा आईपीपीबी, 77 प्रतिशत खाते ग्रामीण क्षेत्रों में; डोरस्टेप बैंकिंग और डिजिटल सेवाओं से वित्तीय समावेशन को मिल रही मजबूती।

  • अमित कुमार

अहमदाबाद। डाक विभाग के उपक्रम इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (आईपीपीबी) ने अपने 9वें स्थापना दिवस के अवसर पर डिजिटल बैंकिंग, डोरस्टेप बैंकिंग और वित्तीय समावेशन के क्षेत्र में अपनी उपलब्धियों को रेखांकित किया। अहमदाबाद में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तर गुजरात परिक्षेत्र के पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने केक काटकर किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने कहा कि इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक ने डाक विभाग के व्यापक नेटवर्क और डिजिटल तकनीक को जोड़कर देश के ग्रामीण एवं दूरदराज क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को बैंकिंग और वित्तीय सेवाओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि ‘अंतिम छोर तक सेवा’ की अवधारणा को साकार करते हुए आईपीपीबी वित्तीय समावेशन को नई दिशा दे रहा है।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2018-19 में करीब 56 लाख ग्राहकों के साथ शुरू हुआ आईपीपीबी अब 13.25 करोड़ ग्राहकों से जुड़ चुका है। इनमें करीब 77 प्रतिशत खाते ग्रामीण क्षेत्रों में हैं, जबकि 48.8 प्रतिशत ग्राहक महिलाएं हैं। उनके अनुसार देश की लगभग 10 प्रतिशत बैंकिंग योग्य आबादी आईपीपीबी से जुड़ी है और करीब 12 प्रतिशत डीबीटी लाभार्थी इसके माध्यम से सरकारी योजनाओं का लाभ ले रहे हैं।

डिजिटल बैंकिंग में भी आईपीपीबी की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि यूपीआई ऑटो-पे के क्षेत्र में बैंक देश में चौथे स्थान पर है, जबकि यूपीआई के माध्यम से बाह्य लेनदेन की संख्या के आधार पर यह देश का नौवां सबसे बड़ा बैंक है।

गुजरात में 45.50 लाख आईपीपीबी खाते

आईपीपीबी गुजरात सर्किल के असिस्टेंट जनरल मैनेजर संदीप कुमार ने बताया कि गुजरात सर्किल में 45.50 लाख आईपीपीबी खाते संचालित हो रहे हैं। इनमें 26 लाख से अधिक खातों में आधार सीडिंग की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि आईपीपीबी लोगों की रोजमर्रा की वित्तीय जरूरतों को आसान बनाने के साथ सुलभ और सुविधाजनक बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रहा है।

आईपीपीबी के चीफ मैनेजर अभिजित जीभकाटे ने उत्तर गुजरात परिक्षेत्र की उपलब्धियों की जानकारी देते हुए बताया कि यहां 9.62 लाख से अधिक आईपीपीबी खाते संचालित किए जा रहे हैं। अब तक 3.13 लाख लोगों का सामान्य सुरक्षा बीमा, 7.52 लाख लोगों का घर बैठे मोबाइल अपडेशन और 83 हजार से अधिक बच्चों का सीईएलसी के तहत घर बैठे आधार नामांकन किया जा चुका है।

उन्होंने बताया कि 1.80 लाख से अधिक लोगों को करीब 53 करोड़ रुपये का डीबीटी भुगतान किया गया है। वहीं लगभग 79 हजार डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र जनरेट किए जा चुके हैं। वर्तमान में करीब 2.18 लाख ग्राहक मोबाइल बैंकिंग और लगभग 92 हजार ग्राहक वर्चुअल डेबिट कार्ड के माध्यम से ऑनलाइन लेनदेन कर रहे हैं।

इसके अलावा करीब 1.25 लाख पोस्ट ऑफिस सेविंग्स बैंक ग्राहकों ने अपने खाते आईपीपीबी से लिंक किए हैं। लगभग 5.10 लाख ग्राहकों ने डीबीटी प्राप्त करने के लिए अपने आधार को आईपीपीबी खाते से जोड़ा है और डाकिया के माध्यम से घर-द्वार पर राशि निकासी की सुविधा का लाभ उठा रहे हैं।

कार्यक्रम में सहायक निदेशक रितुल गांधी, असिस्टेंट जनरल मैनेजर संदीप कुमार, चीफ मैनेजर अभिजित जीभकाटे, सीनियर मैनेजर प्रियंका कुमारी, सहायक डाक अधीक्षक जीनेश पटेल सहित डाक विभाग एवं आईपीपीबी के अधिकारी, कर्मचारी और ग्राहक उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments