
अपराध नियंत्रण, लंबित विवेचनाओं के निस्तारण और जनशिकायतों के त्वरित समाधान पर जोर; आगामी त्योहारों को लेकर पुलिस को अलर्ट रहने के निर्देश
- रितिका शुक्ला
झांसी। जनपद में अपराध नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने जनपद के समस्त राजपत्रित पुलिस अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण गोष्ठी की। बैठक में जिले की कानून-व्यवस्था एवं अपराध की स्थिति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान अपराधों की रोकथाम, वांछित एवं वारंटी आरोपियों की गिरफ्तारी तथा लंबित विवेचनाओं के समयबद्ध निस्तारण पर विशेष जोर दिया गया। एसएसपी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करते हुए विवेचनाओं को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए और पीड़ितों को समय से न्याय दिलाने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई की जाए।
एसएसपी विकास कुमार ने जनशिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण को भी प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि थाने और पुलिस कार्यालय स्तर पर आने वाली शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पीड़ितों की समस्याओं का नियमानुसार समाधान सुनिश्चित किया जाए।
अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में गश्त एवं पेट्रोलिंग बढ़ाने तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और आवश्यकता के अनुसार प्रभावी कार्रवाई करने को भी कहा गया।
बैठक में महिला एवं बाल अपराधों को लेकर भी विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए। एसएसपी ने ऐसे मामलों में तत्काल कार्रवाई, पीड़ितों के प्रति संवेदनशील व्यवहार और प्रभावी जांच सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
आगामी त्योहारों के मद्देनजर जिले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी पुलिस को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त निगरानी, पुलिस की सक्रिय मौजूदगी और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा गया।
एसएसपी ने स्पष्ट किया कि जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखना, अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई करना और आमजन को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। अधिकारियों को निर्देशों का गंभीरता से अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए कहा गया।


