
एआई, डिजिटल इंडिया, सस्टेनेबल कॉमर्स और ‘लोकल टू ग्लोबल’ जैसे विषयों पर विद्यार्थियों ने प्रस्तुत किए आकर्षक बिजनेस मॉडल
- हरिओम गुप्ता
कानपुर नगर।। क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर के वाणिज्य विभाग की ओर से ‘कॉमर्स 2030 – बिजनेस मॉडल प्रदर्शनी’ का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी का उद्देश्य बी.कॉम एवं एम.कॉम के विद्यार्थियों को अपने नवीन व्यावसायिक विचारों और बिजनेस मॉडल प्रस्तुत करने के लिए एक मंच उपलब्ध कराना था।
कार्यक्रम का उद्घाटन क्राइस्ट चर्च कॉलेज के प्राचार्य प्रो. विनय जॉन सेबेस्टियन ने किया। उन्होंने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें नवाचार, रचनात्मकता और उद्यमशील सोच को विकसित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बदलते व्यावसायिक परिवेश में विद्यार्थियों के लिए नई तकनीकों और आधुनिक कारोबारी अवधारणाओं को समझना बेहद महत्वपूर्ण है।
‘एक्सप्लोर • इनोवेट • क्रिएट’ थीम पर आयोजित प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने विभिन्न समसामयिक विषयों पर आधारित बिजनेस मॉडल प्रस्तुत किए। इनमें कॉमर्स 2030, एआई इन कॉमर्स, डिजिटल इंडिया, लोकल टू ग्लोबल, सस्टेनेबल कॉमर्स और कंज्यूमर 2030 प्रमुख विषय रहे।
विद्यार्थियों ने अपने मॉडल के माध्यम से भविष्य के व्यापार में तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डिजिटल सेवाओं, टिकाऊ व्यवसाय और बदलते उपभोक्ता व्यवहार की भूमिका को प्रस्तुत किया। प्रदर्शनी में विद्यार्थियों की रचनात्मकता के साथ-साथ उनके व्यावसायिक दृष्टिकोण और बदलती बाजार परिस्थितियों की समझ भी देखने को मिली।
आयोजकों के अनुसार, इस तरह की गतिविधियों का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल पाठ्यक्रम तक सीमित रखने के बजाय उन्हें व्यावहारिक व्यावसायिक परिस्थितियों से जोड़ना और अपने विचारों को वास्तविक बिजनेस मॉडल में बदलने के लिए प्रोत्साहित करना है।
कार्यक्रम का समन्वय वाणिज्य विभाग के सहायक आचार्य डॉ. अभिषेक जैनवियर फ्रेडरिक एवं डॉ. श्वेता मिश्रा द्वारा किया गया। प्रदर्शनी का संदेश “बिजनेस सोचें • विचारों को आकार दें • भविष्य को दिशा दें” रहा।


