HomeNEWS37वीं वाहिनी पीएसी ने साइबर अपराध, महिला सुरक्षा और आपदा प्रबंधन को...

37वीं वाहिनी पीएसी ने साइबर अपराध, महिला सुरक्षा और आपदा प्रबंधन को लेकर दी महत्वपूर्ण जानकारी

सरसौल में पुलिस पाठशाला एवं पब्लिक चौपाल का आयोजन, ग्रामीणों और छात्रों को किया जागरूक

  • हरिओम गुप्ता

कानपुर नगर। पुलिस महानिदेशक पीएसी के निर्देशों के क्रम में ग्रामों के विकास एवं जनकल्याणकारी कार्यों में पीएसी बल की सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 37वीं वाहिनी पीएसी कानपुर द्वारा 9 सितंबर 2026 को ग्राम पंचायत सरसौल में पुलिस पाठशाला एवं पब्लिक चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम सेनानायक बी.बी. चौरसिया की उपस्थिति में आयोजित हुआ।

चौपाल में ग्रामवासियों के साथ स्कूली छात्र-छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने लोगों को साइबर अपराध एवं साइबर ठगी से बचाव, महिला एवं बालिका संबंधी अपराधों की रोकथाम, महिलाओं की सुरक्षा एवं उनके अधिकारों सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी।

साइबर अपराध से बचाव को किया जागरूक

पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों और विद्यार्थियों को साइबर ठगी के बढ़ते मामलों के प्रति सतर्क रहने की अपील की। संदिग्ध कॉल, मैसेज और लिंक से सावधान रहने तथा ऑनलाइन धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल शिकायत करने के संबंध में भी जानकारी दी गई।

इसके साथ ही महिला एवं बालिका सुरक्षा को लेकर उपलब्ध व्यवस्थाओं और अधिकारों के बारे में बताया गया। प्राकृतिक आपदाओं के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों और सुरक्षा उपायों की जानकारी भी ग्रामीणों को दी गई।

पुलिस और जनता के बीच बेहतर संवाद पर जोर

सेनानायक बी.बी. चौरसिया ने कहा कि पुलिस एवं जनता के बीच बेहतर समन्वय, संवाद और विश्वास स्थापित करना पुलिस की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि गांवों के विकास एवं जनकल्याणकारी कार्यों में पीएसी बल की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।

उन्होंने बताया कि विद्यालयों, महाविद्यालयों, चिकित्सालयों और अन्य महत्वपूर्ण संस्थानों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाएगा।

जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने का प्रयास

कार्यक्रम का उद्देश्य जन-जागरूकता बढ़ाने के साथ महिला एवं बालिका सुरक्षा के प्रति संवेदनशीलता विकसित करना, साइबर अपराधों से बचाव के लिए लोगों को सतर्क करना तथा सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाना रहा।

पुलिस पाठशाला एवं पब्लिक चौपाल के माध्यम से पुलिस और ग्रामीणों के बीच विश्वास एवं सहयोग की भावना को मजबूत करने का प्रयास किया गया।

कार्यक्रम में उपसेनानायक तनु उपाध्याय, सहायक सेनानायक सुधाकर मिश्र, शिविरपाल चंद्रेश्वर सहित 37वीं वाहिनी पीएसी के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments