लखनऊ में शिक्षक संवाद कार्यक्रम में शिक्षा की गुणवत्ता, नवाचार और एआई युग में शिक्षकों की भूमिका पर हुआ मंथन
- अनुराधा सिंह
लखनऊ। इंस्पिरेशन एकेडमिक कंसल्टेंट्स की ओर से लखनऊ में ‘शिक्षक संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक शामिल हुए। इस दौरान राजधानी के विभिन्न विद्यालयों के शिक्षकों के साथ बदलते शिक्षा परिवेश और विद्यार्थियों के बेहतर भविष्य से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर संवाद किया गया।
कार्यक्रम में शिक्षा की गुणवत्ता, नवाचार, तकनीकी बदलाव, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के बढ़ते प्रभाव और एआई युग में शिक्षकों की भूमिका जैसे विषयों पर विचार-विमर्श हुआ। शिक्षकों ने भी शिक्षा व्यवस्था से जुड़े अपने अनुभव, सुझाव और विचार साझा किए।

शिक्षक भावी पीढ़ी के निर्माण के आधार
उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कहा कि शिक्षक केवल विद्यार्थियों को ज्ञान प्रदान करने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे राष्ट्र की भावी पीढ़ी के निर्माण और संस्कारों के संवाहक भी हैं। बदलते समय और तकनीकी चुनौतियों के अनुरूप शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने में शिक्षकों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के बढ़ते दौर में शिक्षकों को नई तकनीकों के साथ कदमताल करते हुए विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा और सही दिशा प्रदान करनी होगी।
शिक्षकों के सुझावों से मिले नई दिशा के अवसर
कार्यक्रम में शिक्षकों के अनुभवों और सुझावों को भी सुना गया। शिक्षा क्षेत्र में आ रहे बदलावों, विद्यार्थियों की बदलती आवश्यकताओं और आधुनिक शिक्षण पद्धतियों को लेकर शिक्षकों के साथ सार्थक एवं आत्मीय संवाद हुआ।
वक्ताओं ने कहा कि सशक्त शिक्षक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ही समर्थ विद्यार्थियों के निर्माण का आधार हैं, जो आगे चलकर विकसित राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
कार्यक्रम में प्रेरणा त्रिपाठी सहित लखनऊ के विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक एवं शिक्षण समुदाय से जुड़े अन्य लोग उपस्थित रहे।


