HomeNEWSगणेश प्रतिमा विसर्जन को लेकर डीसीपी ट्रैफिक ने घाटों का किया निरीक्षण

गणेश प्रतिमा विसर्जन को लेकर डीसीपी ट्रैफिक ने घाटों का किया निरीक्षण

अटल घाट, गंगा बैराज समेत प्रमुख स्थानों पर यातायात व्यवस्था का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

  • हरिओम गुप्ता

कानपुर नगर। श्री गणेश प्रतिमा विसर्जन के दृष्टिगत कानपुर नगर में यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए पुलिस उपायुक्त यातायात रवीन्द्र कुमार ने शहर के प्रमुख घाटों और चौराहों का निरीक्षण किया। उन्होंने अटल घाट, गंगा बैराज, कलुपुरवा घाट और कर्बला चौराहा पहुंचकर मौके पर यातायात व्यवस्था का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान प्रमुख मार्गों पर वाहनों के आवागमन, यातायात दबाव, पार्किंग व्यवस्था, पैदल यात्रियों की आवाजाही और संभावित भीड़भाड़ वाले स्थानों की स्थिति का अवलोकन किया गया। इस दौरान यातायात व्यवस्था को लेकर मौके पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों से जानकारी भी ली गई।

पुलिस उपायुक्त यातायात ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि प्रमुख घाटों और चौराहों पर यातायात व्यवस्था लगातार सुचारु बनाए रखी जाए। भीड़भाड़ की स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल आवश्यक यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने सड़क पर अनावश्यक रूप से खड़े वाहनों और यातायात व्यवस्था में अवरोध उत्पन्न करने वाले वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने को भी कहा। साथ ही प्रमुख मार्गों पर यातायात के निर्बाध संचालन के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।

डीसीपी ट्रैफिक ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने-अपने ड्यूटी प्वाइंट पर सतर्कता और तत्परता के साथ ड्यूटी का निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विसर्जन के दौरान आमजन और राहगीरों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए यातायात व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जाए।

गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ने वाली आवाजाही को देखते हुए यातायात पुलिस द्वारा प्रमुख घाटों, चौराहों और मार्गों पर व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक प्रबंध किए जा रहे हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments