प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट में समीक्षा बैठक, स्वच्छता, विद्युत व्यवस्था और सेवा संकल्प अभियान को लेकर अधिकारियों को निर्देश
नरेश राठौर
झांसी। जनपद में विकास कार्यों और विभिन्न योजनाओं की प्रगति को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में जिले के विकास, स्वच्छता, पर्यटन, विद्युत व्यवस्था और जनकल्याण से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।
बैठक में झांसी महोत्सव के आयोजन के लिए 50 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत किए जाने की जानकारी दी गई। महोत्सव के सफल आयोजन को लेकर आवश्यक तैयारियों और व्यवस्थाओं पर भी चर्चा की गई।
समीक्षा बैठक में ग्राम पंचायत सिमरावारी और नगर निगम के बीच एक महत्वपूर्ण एमओयू किए जाने की जानकारी दी गई। इसके तहत ग्राम पंचायत से निकलने वाले कूड़े के निस्तारण के लिए उसे बिजौली स्थित सेंटर तक पहुंचाया जाएगा। इस व्यवस्था का उद्देश्य स्थानीय स्तर पर कचरा प्रबंधन को अधिक प्रभावी बनाना है।
बैठक में डीएमएफ के माध्यम से करीब 22 करोड़ रुपये के विकास कार्यों पर भी चर्चा हुई। प्रस्तावित कार्यों में मॉडल कस्तूरबा विद्यालय, स्पोर्ट्स हब, डिजिटल लाइब्रेरी और एआई लैब जैसी योजनाएं शामिल हैं। इन परियोजनाओं के माध्यम से शिक्षा, खेल और तकनीकी सुविधाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया जा रहा है।
इसके अलावा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान आयोजित किए जाने को लेकर भी चर्चा हुई। अभियान के तहत जिले के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अधिकारियों को अभियान से संबंधित कार्यक्रमों को निर्धारित समय के अनुसार आयोजित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली और विद्युत आपूर्ति से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई। प्रभारी मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं में सुधार लाने और प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही सड़कों की स्थिति को लेकर गड्ढा मुक्त सड़क अभियान को जल्द शुरू करने पर भी जोर दिया गया।
प्रभारी मंत्री ने जिलाधिकारी गौरांग राठी द्वारा जिले में की जा रही विभिन्न अभिनव पहलों की सराहना की। उन्होंने अधिकारियों को विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में गति बनाए रखने और जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में जनप्रतिनिधियों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों एवं विभागों से संबंधित मुद्दे रखे। समीक्षा के दौरान संबंधित अधिकारियों को विकास कार्यों की गुणवत्ता, समयबद्धता और जनसुविधाओं को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जनप्रतिनिधियों, जिलाधिकारी गौरांग राठी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विकास कुमार समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। समीक्षा बैठक में जिले को स्वच्छ, सुव्यवस्थित और आधुनिक सुविधाओं से युक्त बनाने की दिशा में चल रहे कार्यों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।


