पिछली बरसात और सड़क खुदाई से खराब हुए मार्गों की मरम्मत व सुदृढ़ीकरण की मांग, आगामी त्योहारों से पहले प्रमुख धार्मिक एवं सार्वजनिक स्थलों को जोड़ने वाली सड़कों को दुरुस्त कराने पर जोर
- हरिओम गुप्ता
कानपुर नगर। गोविंद नगर विधानसभा क्षेत्र में जर्जर और क्षतिग्रस्त सड़कों की समस्या को लेकर विधायक सुरेंद्र मैथानी ने उत्तर प्रदेश सरकार के नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा से मुलाकात की। लखनऊ स्थित मंत्री के कैंप कार्यालय-निवास पर हुई मुलाकात के दौरान विधायक ने क्षेत्र की विभिन्न खराब सड़कों के निर्माण, मरम्मत और आवश्यकतानुसार सुदृढ़ीकरण का मुद्दा उठाया।
विधायक सुरेंद्र मैथानी ने मंत्री को बताया कि पिछली बरसात और विभिन्न स्थानों पर सड़क खुदाई के कारण विधानसभा क्षेत्र के कई हिस्सों में मार्गों की स्थिति खराब हो गई है। इससे स्थानीय लोगों को रोजाना आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने जनहित से जुड़े इन कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने की मांग की, ताकि लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
विधायक ने आगामी पर्वों और धार्मिक आयोजनों को देखते हुए प्रमुख मार्गों की स्थिति जल्द सुधारने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उन्होंने दबौली, गुजैनी, रतनलाल नगर, बर्रा-नौरैयाखेड़ा, शास्त्री नगर, विजय नगर, लाजपत नगर, दादानगर, इस्पात नगर, नारायणपुरवा, रावतपुर, मस्वानपुर, पांडु नगर, नवीन नगर और काकादेव सहित विभिन्न क्षेत्रों की सड़कों को दुरुस्त कराने की मांग रखी।
इसके अलावा पनकी हनुमान मंदिर मार्ग सहित प्रमुख धार्मिक एवं सार्वजनिक स्थलों को जोड़ने वाले रास्तों की मरम्मत कराने की बात कही गई। विधायक ने रामलीला स्थलों, दुर्गा पूजा स्थलों, देवी मंदिरों और छठ पूजा स्थलों के आसपास की सड़कों को भी समय रहते दुरुस्त कराने की मांग की, ताकि स्थानीय नागरिकों के साथ बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को भी आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
विधायक ने कहा कि बरसात और सड़क खुदाई के कारण केवल गोविंद नगर ही नहीं, बल्कि कानपुर के कई अन्य क्षेत्रों में भी सड़कों की स्थिति प्रभावित हुई है। उन्होंने आगामी त्योहारों से पहले प्रमुख मार्गों की मरम्मत और आवश्यक सुधार कार्य तेजी से पूरा कराने की आवश्यकता जताई।
नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा ने विधायक द्वारा उठाए गए जनहित के मुद्दों को गंभीरता से सुना और आवश्यक कार्रवाई के लिए सकारात्मक आश्वासन दिया।
विधायक सुरेंद्र मैथानी ने कहा कि गोविंद नगर विधानसभा क्षेत्र में सड़क, जल निकासी, प्रकाश व्यवस्था समेत मूलभूत नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की विकास संबंधी आवश्यकताओं को शासन स्तर पर लगातार उठाया जाता रहेगा और जनता से जुड़े कार्यों को पूरा कराने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।


