
उत्तर प्रदेश उद्योग महानगर महिला व्यापार मंडल ने झांसी में आयोजित किया कार्यक्रम, मनीला गोयल बनीं व्यापार मंडल क्वीन, रश्मि महेंद्रु फर्स्ट रनर अप और मधु अग्रवाल सेकंड रनर अप
- पूजा परिहार
झांसी। उत्तर प्रदेश उद्योग महानगर महिला व्यापार मंडल द्वारा राधा अष्टमी के अवसर पर महिलाओं का टैलेंट शो ‘ताल से ताल मिला’ कार्यक्रम धूमधाम से आयोजित किया गया। कार्यक्रम महानगर अध्यक्ष रजनी गुप्ता की अध्यक्षता में हुआ। मुख्य अतिथि विधान परिषद सदस्य रमा निरंजन रहीं, जबकि विशिष्ट अतिथि डॉ. नीति शास्त्री मौजूद रहीं। वरिष्ठ समाजसेवी देवप्रिया उक्सा और हनी पार्लर एंड अकैडमी की संचालिका उषा सचान ने निर्णायक की भूमिका निभाई।
कार्यक्रम का शुभारंभ गणपति जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि और दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर जे.जे. पब्लिक स्कूल की संचालिका ज्योति कंचन और चेयरपर्सन अंजलि त्रिपाठी समेत अन्य अतिथियों ने भी सहभागिता की। सभी अतिथियों का हल्दी-कुमकुम लगाकर और पट्टिका पहनाकर स्वागत किया गया।

स्वागत भाषण में अध्यक्ष रजनी गुप्ता ने राधा अष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राधा का नाम केवल प्रेम की पहचान नहीं, बल्कि आत्मसम्मान और अटूट विश्वास का भी प्रतीक है। उन्होंने कहा कि आज की महिलाएं अपने अधिकारों और सपनों के लिए आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने महिलाओं की आवाज को मंच देने, युवाओं की प्रतिभा को अवसर देने और समाज के हर वर्ग तक विकास के अवसर पहुंचाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
कार्यक्रम के दौरान महानगर महिला मंडल की सदस्याओं ने राधा रानी के श्रृंगार पर आधारित विभिन्न प्रस्तुतियां दीं। प्रतिभागियों ने अपनी कला और प्रतिभा का प्रदर्शन किया। दर्शकों के लिए सवाल-जवाब पर आधारित रैपिड फायर राउंड भी आयोजित किया गया, जिसमें 12 विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए।
निर्णायिका देवप्रिया उक्सा ने कहा कि सभी प्रतिभागियों की प्रस्तुतियां इतनी आकर्षक थीं कि विजेताओं का चयन करना चुनौतीपूर्ण रहा। निर्णायिका उषा सचान ने सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए प्रतियोगिता के परिणाम घोषित किए।

प्रतियोगिता में मनीला गोयल को प्रथम पुरस्कार देकर ‘उत्तर प्रदेश उद्योग महानगर व्यापार मंडल क्वीन’ का खिताब दिया गया। रश्मि महेंद्रु फर्स्ट रनर अप और मधु अग्रवाल सेकंड रनर अप रहीं। मुख्य अतिथि एमएलसी रमा निरंजन और डॉ. नीति शास्त्री ने विजेताओं को ताज पहनाकर स्मृति चिह्न प्रदान किए। अध्यक्ष रजनी गुप्ता और निर्णायकों ने अन्य प्रतिभागियों को भी पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम के समापन पर अध्यक्ष रजनी गुप्ता और चेयरपर्सन अंजलि त्रिपाठी ने अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन सह कोषाध्यक्ष अनीता वासुदेव ने किया। अंत में अध्यक्ष रजनी गुप्ता ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और उपस्थित सदस्यों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में रजनी गुप्ता, एमएलसी रमा निरंजन, डॉ. नीति शास्त्री, देवप्रिया उक्सा, उषा सचान, रश्मि महेंद्रु, मनीला गोयल, मधु अग्रवाल, नेहा झा, सीमा तिवारी, रामश्री बरसैंया, नीना अग्रवाल, ममता अग्रवाल, अनीता वासुदेव, नीलम, नीलिमा सरावगी, कल्पना सेठ, मधु गुप्ता, ज्योति गुप्ता, मीनू चावला, पल्लवी चतुर्वेदी, कुसुम साहू, रचना सोनी, ज्योति कंचन सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।


