किसानों, छात्रों और शहरी लोगों के लिए सुनहरा अवसर, प्रशिक्षण में ऑयस्टर, बटन और मिल्की मशरूम उत्पादन की दी जाएगी तकनीकी जानकारी
- हरिओम गुप्ता
कानपुर नगर। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) में मशरूम उत्पादन तकनीक पर छह दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम 21 से 26 सितंबर 2026 तक आयोजित किया जाएगा। पादप रोग विज्ञान विभाग के अध्यक्ष एवं प्रशिक्षण के नोडल अधिकारी डॉ. मुकेश श्रीवास्तव ने बताया कि मशरूम की खेती अथवा इससे जुड़े व्यवसाय को शुरू करने के इच्छुक किसान, छात्र और शहरी लोग इस प्रशिक्षण में शामिल हो सकते हैं।
डॉ. श्रीवास्तव ने बताया कि भारत कृषि प्रधान देश है और ग्रामीण युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कृषि के साथ-साथ अन्य स्वरोजगार आधारित गतिविधियों का प्रशिक्षण भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद प्रतिभागी ऑयस्टर, बटन और मिल्की मशरूम की खेती शुरू कर सकते हैं तथा इसे व्यवसाय के रूप में भी विकसित कर सकते हैं।
छह दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को मशरूम उत्पादन की तकनीकी जानकारी विस्तार से दी जाएगी। इसके साथ ही मशरूम उगाने की विभिन्न विधियों का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी कराया जाएगा, ताकि प्रतिभागी प्रशिक्षण के बाद स्वयं उत्पादन शुरू कर सकें।
डॉ. मुकेश श्रीवास्तव के अनुसार प्रशिक्षण में शामिल होने के लिए 1500 रुपये पंजीकरण शुल्क निर्धारित किया गया है। पंजीकरण के समय आधार कार्ड की प्रति और एक पासपोर्ट साइज फोटो जमा करना होगा।
बाहर से आने वाले किसानों और अन्य प्रशिक्षणार्थियों के लिए ठहरने की व्यवस्था उपलब्ध रहेगी, हालांकि इसका खर्च प्रशिक्षणार्थी को स्वयं वहन करना होगा। विश्वविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ. खलील खान ने बताया कि प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने वाले सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे।
प्रशिक्षण कार्यक्रम से संबंधित अधिक जानकारी और पंजीकरण के लिए 9839818899 एवं 8218483463 मोबाइल नंबर पर संपर्क किया जा सकता है।


