HomeNEWSमिशन निडर और डेंटल विंग्स की पहल, महिलाओं ने सीखे आत्मरक्षा के बेसिक तरीके; करीब 20 महिलाओं...

मिशन निडर और डेंटल विंग्स की पहल, महिलाओं ने सीखे आत्मरक्षा के बेसिक तरीके; करीब 20 महिलाओं के दांतों की हुई जांच

मिशन निडर और डेंटल विंग्स की पहल, करीब 20 महिलाओं के दांतों की जांच; विशेषज्ञों ने सुरक्षा और ओरल हाइजीन के दिए टिप्स

  • सौम्या पाण्डेय

कानपुर नगर। किदवई नगर के जी ब्लॉक स्थित रामराज अपार्टमेंट में महिलाओं की सुरक्षा और स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। मिशन निडर और डेंटल विंग्स की ओर से आयोजित इस कार्यशाला में महिलाओं को आत्मरक्षा के बुनियादी तरीकों के साथ ओरल हाइजीन यानी मुंह और दांतों की साफ-सफाई के बारे में जानकारी दी गई।

कार्यक्रम रामराज अपार्टमेंट स्थित मल्टी स्पेशिलिटी डेंटल क्लीनिक में आयोजित हुआ। इसमें मिशन निडर की संस्थापक शिखा शुक्ला अपनी टीम के साथ मौजूद रहीं। सेल्फ डिफेंस कोच महक सविता ने अपनी टीम की सदस्य अवंतिका, प्राप्ति और आनंद के साथ महिलाओं को आत्मरक्षा के बेसिक तरीके सिखाए।

कार्यशाला के दौरान महिलाओं को बताया गया कि किसी आक्रामक या असहज परिस्थिति में किस तरह सतर्क रहते हुए अपना बचाव किया जा सकता है। प्रशिक्षकों ने आत्मरक्षा के विभिन्न बुनियादी तरीकों की जानकारी दी और महिलाओं को उनका अभ्यास भी कराया। इसका उद्देश्य महिलाओं में सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ाना और उन्हें आपात स्थिति में खुद के बचाव के लिए जरूरी जानकारी देना था।

कार्यक्रम के दूसरे हिस्से में डेंटल विंग्स की संस्थापक डॉ. सौम्या गुप्ता ने ओरल हाइजीन के महत्व पर जानकारी दी। उन्होंने कहा कि दांतों और मुंह की नियमित सफाई के साथ समय-समय पर दांतों की जांच कराना जरूरी है। उन्होंने महिलाओं को मौखिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं को नजरअंदाज न करने की सलाह दी।

इस दौरान करीब 20 महिलाओं के दांतों की जांच भी की गई। जांच के साथ महिलाओं को दांतों और मसूड़ों की देखभाल तथा बेहतर ओरल हाइजीन के लिए जरूरी जानकारी दी गई। कार्यशाला के दौरान महिलाओं ने विशेषज्ञों से स्वास्थ्य और आत्मरक्षा से जुड़े सवाल भी पूछे।

कार्यक्रम में सेल्फ डिफेंस कोच महक सविता और उनकी टीम के अलावा तुलिका मित्रा तथा आरएसएस की विभाग बौद्धिक प्रमुख मधु अवस्थी भी मौजूद रहीं। कार्यशाला में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी रही और उन्होंने विशेषज्ञों से विभिन्न विषयों पर चर्चा की।

कार्यक्रम में शामिल महिलाओं ने भविष्य में भी इस तरह की कार्यशालाएं आयोजित करने की आवश्यकता जताई। उनका कहना था कि सुरक्षा और स्वास्थ्य से जुड़े विषयों पर इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम महिलाओं को जरूरी जानकारी देने में मददगार हो सकते हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments