HomeBundelkhandजलविहार महोत्सव की तैयारियों का SSP ने लिया जायजा, 500 से अधिक...

जलविहार महोत्सव की तैयारियों का SSP ने लिया जायजा, 500 से अधिक पुलिसकर्मियों की होगी तैनाती

सुरक्षा, यातायात और पुलिस बल की तैनाती की समीक्षा; सीसीटीवी से होगी निगरानी, महिला पुलिसकर्मियों की भी रहेगी विशेष तैनाती

  • अमित कुमार

झांसी। आगामी जलविहार महोत्सव को लेकर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियां तेज कर दी हैं। रविवार, 20 सितंबर 2026 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने मेला स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा, यातायात और पुलिस बल की तैनाती से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधिकारियों ने मेला स्थल पर श्रद्धालुओं और आगंतुकों की संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। एसएसपी ने संबंधित अधिकारियों को महोत्सव के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इस दौरान पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. अरविन्द कुमार, उपजिलाधिकारी मऊरानीपुर मनोज कुमार भारती और क्षेत्राधिकारी मऊरानीपुर रत्नेश्वर सिंह समेत अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने धर्मगुरुओं और मेला पदाधिकारियों से भी बातचीत की। उन्होंने महोत्सव की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था से संबंधित जानकारी ली तथा आवश्यक व्यवस्थाओं को समय से पूरा करने के निर्देश दिए।

जलविहार महोत्सव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने के लिए 500 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की जा रही है। इसके साथ ही मेला क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी। महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सहायता को ध्यान में रखते हुए महिला पुलिसकर्मियों की भी विशेष तैनाती की जा रही है।

पुलिस प्रशासन की ओर से महोत्सव के दौरान सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और निगरानी व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments