कानपुर उत्तर जिले के 1281 बूथों पर 27 सितंबर को होगा ‘मन की बात’ का सामूहिक श्रवण
- अंकित बाजपेई
कानपुर नगर। आगामी 27 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम ‘मन की बात’ के सामूहिक श्रवण एवं ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी कानपुर उत्तर जिला की महत्वपूर्ण बैठक मंगलवार को जिला भाजपा कार्यालय, नवीन मार्केट में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित ने की।
बैठक में आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों, कार्यकर्ताओं की सहभागिता और कार्यक्रमों को व्यापक स्तर पर आयोजित करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित ने संगठन पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से आगामी कार्यक्रमों को लेकर जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी सक्रियता के साथ करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ कार्यक्रम को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के साथ ही ‘सेवा संकल्प अभियान’ के विभिन्न कार्यक्रमों को भी प्रभावी ढंग से आयोजित किया जाए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठनात्मक सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा ने बताया कि 27 सितंबर को कानपुर उत्तर जिले के 1281 बूथों पर ‘मन की बात’ का सामूहिक श्रवण किया जाएगा। इसके लिए बूथ स्तर पर आवश्यक तैयारियां पूरी करने और अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं एवं आमजन की सहभागिता सुनिश्चित करने को लेकर बैठक में दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों तथा तैयारियों की समीक्षा की गई। इस दौरान जिला महामंत्री अवधेश सोनकर, उपाध्यक्ष सीमा एमबीए, ‘मन की बात’ की प्रमुख राधा सैनी, अंशु ठाकुर, सोनू राठौर, राघव द्विवेदी, स्पर्श कटियार, रवि सिंह सहित भाजपा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।


