HomeNEWSसीएसए में 15 से 17 अक्टूबर तक लगेगा तीन दिवसीय क्षेत्रीय किसान...

सीएसए में 15 से 17 अक्टूबर तक लगेगा तीन दिवसीय क्षेत्रीय किसान मेला

‘सशक्त किसान, आत्मनिर्भर भारत’ पर रहेगा मुख्य फोकस, आठ राज्यों के किसान और कृषि उद्यमी होंगे शामिल

  • हरिओम गुप्ता

कानपुर नगर। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए), कानपुर में आगामी 15 से 17 अक्टूबर 2026 तक तीन दिवसीय क्षेत्रीय किसान मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले का मुख्य उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ते हुए उन्हें खुशहाल एवं समृद्ध बनाने की दिशा में जानकारी और संसाधन उपलब्ध कराना है। मेले की थीम ‘सशक्त किसान, आत्मनिर्भर भारत’ रखी गई है।

विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. संजीव गुप्ता ने बताया कि यह क्षेत्रीय किसान मेला किसानों के लिए कृषि की नवीनतम तकनीकों, उन्नत बीज, पौध, कृषि यंत्रों और विभिन्न कृषि गतिविधियों की जानकारी प्राप्त करने का महत्वपूर्ण मंच होगा। मेले के साथ कृषि उद्योग प्रदर्शनी का भी आयोजन किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि मेले में उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, दिल्ली, चंडीगढ़ और हरियाणा सहित आठ राज्यों के प्रगतिशील किसान, बागवान एवं कृषि उद्यमी प्रतिभाग करेंगे। इससे विभिन्न राज्यों के किसानों को एक-दूसरे के अनुभव और कृषि तकनीकों को जानने का अवसर मिलेगा।

निदेशक प्रसार डॉ. वी.के. त्रिपाठी ने बताया कि किसान मेले में कृषि विश्वविद्यालय के अनुसंधान कार्यों के साथ विभिन्न महाविद्यालयों द्वारा विकसित तकनीकों का भी प्रदर्शन किया जाएगा। मेले में करीब 200 स्टॉल लगाए जाएंगे, जिनमें लगभग 25 से 30 हजार किसानों के प्रतिभाग करने की संभावना है।

मेले के प्रमुख आकर्षणों में उन्नतशील बीज एवं पौध की बिक्री, आधुनिक कृषि यंत्रों का प्रदर्शन एवं विक्रय शामिल रहेगा। इसके अलावा किसानों के लिए विश्वविद्यालय के प्रक्षेत्रों एवं प्रयोगशालाओं के भ्रमण की भी व्यवस्था की जाएगी, ताकि वे कृषि अनुसंधान एवं तकनीकों को करीब से समझ सकें।

विश्वविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ. खलील खान ने बताया कि मेले में किसानों को मृदा एवं पानी के नमूनों की जांच से संबंधित जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी। इसके साथ ही मेला परिसर में कृषक, व्यवसायी एवं वैज्ञानिक संगोष्ठियों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें कृषि क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञ विभिन्न विषयों पर जानकारी साझा करेंगे।

किसान मेले में औषधीय एवं सगंधीय पौधों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। इसके अलावा कृषि उद्यम, शोध एवं प्रसार के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले किसानों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। किसानों को खेती-किसानी से संबंधित नवीनतम जानकारी उपलब्ध कराने के लिए कृषि साहित्य की प्रदर्शनी और विभिन्न स्टॉल भी लगाए जाएंगे।

आयोजकों के अनुसार, तीन दिवसीय किसान मेला किसानों, वैज्ञानिकों, कृषि उद्यमियों और व्यवसायियों के बीच संवाद एवं तकनीकी आदान-प्रदान का मंच उपलब्ध कराने के साथ आधुनिक कृषि को बढ़ावा देने पर केंद्रित रहेगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments