HomeNEWS‘उत्तर प्रदेश की शिक्षा में नौ वर्षों की उपलब्धियाँ’ विषय पर प्रश्नोत्तरी...

‘उत्तर प्रदेश की शिक्षा में नौ वर्षों की उपलब्धियाँ’ विषय पर प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित

दयानन्द गर्ल्स पीजी कॉलेज में छात्राओं ने चार टीमों में लिया हिस्सा, शिक्षा क्षेत्र से जुड़े सवालों पर परखी प्रतिभा

  • हरिओम गुप्ता

कानपुर नगर। दयानन्द गर्ल्स पी.जी. कॉलेज, कानपुर में ‘उत्तर प्रदेश की शिक्षा में नौ वर्षों की उपलब्धियाँ’ विषय पर प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य छात्राओं को प्रदेश में शिक्षा के क्षेत्र में हुए विकास एवं उपलब्धियों से परिचित कराने के साथ उनमें सामान्य ज्ञान, तर्क क्षमता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करना रहा।

प्रतियोगिता में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों को गंगा, यमुना, सरस्वती एवं नर्मदा नाम से चार टीमों में विभाजित किया गया। प्रतियोगिता तीन चरणों में आयोजित हुई, जिसमें उत्तर प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था और पिछले नौ वर्षों में शिक्षा के क्षेत्र में हुई विभिन्न उपलब्धियों से संबंधित प्रश्न पूछे गए।

प्रतियोगिता में प्रो. अभिलाषा गौर ने क्विज मास्टर की भूमिका निभाई और विभिन्न चरणों का संचालन किया। प्रश्नोत्तरी के दौरान छात्राओं ने अपनी जानकारी और प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता के परिणाम में टीम ‘यमुना’ ने प्रथम, टीम ‘गंगा’ ने द्वितीय तथा टीम ‘नर्मदा’ ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। छात्राओं की सक्रिय एवं उत्साहपूर्ण सहभागिता ने प्रतियोगिता को ज्ञानवर्धक और रोचक बनाया।

कार्यक्रम में प्राचार्य प्रो. वंदना निगम, डायरेक्टर प्रो. अर्चना वर्मा, कार्यक्रम संयोजक प्रो. पप्पी मिश्रा, डॉ. संगीता सिरोही, डॉ. दीप्ति शुक्ला एवं डॉ. दीपाली सक्सेना की उपस्थिति रही।

समापन अवसर पर कार्यक्रम संयोजक प्रो. पप्पी मिश्रा ने अतिथियों, प्रतिभागी छात्राओं एवं कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments