कानपुर से आनंद विहार के बीच चलेगी नई दैनिक ‘कानपुर मेल’, सांसद रमेश अवस्थी ने प्रधानमंत्री और रेल मंत्री का जताया आभार
- ज्योति सिंह
कानपुर नगर। कानपुर के यात्रियों के लिए नई दैनिक रेल सेवा की मंजूरी मिली है। भारतीय रेलवे ने कानपुर सेंट्रल और आनंद विहार टर्मिनल के बीच 14153/14154 कानपुर सेंट्रल–आनंद विहार टर्मिनल मेल चलाने को मंजूरी दी है। रेलवे के अनुसार यह रात्रिकालीन सेवा कानपुर और दिल्ली के बीच यात्रियों को अतिरिक्त रेल कनेक्टिविटी उपलब्ध कराएगी।
कानपुर के सांसद रमेश अवस्थी ने नई रेल सेवा को कानपुर के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त किया है।
ट्रेन कानपुर सेंट्रल से रात 8:40 बजे रवाना होकर सुबह 4:50 बजे आनंद विहार पहुंचेगी। वापसी में आनंद विहार से रात 11:25 बजे चलकर सुबह 7:25 बजे कानपुर सेंट्रल पहुंचेगी। दोनों दिशाओं में ट्रेन की दूरी 428 किलोमीटर होगी।

सांसद रमेश अवस्थी ने इससे पहले भी संसद में कानपुर से जुड़े रेल, विमानन, स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे के मुद्दे उठाए हैं। संसदीय रिकॉर्ड के अनुसार उन्होंने 2026 में कानपुर को दिल्ली-वाराणसी बुलेट ट्रेन परियोजना के डीपीआर में शामिल करने, कानपुर में एम्स की स्थापना और एयरपोर्ट पर एयर ट्रैफिक कंट्रोल की दो शिफ्ट संचालित करने जैसे विषय संसद में उठाए।
नई रेल सेवा के दोनों दिशाओं में फफूंद, इटावा, टूंडला, हाथरस, अलीगढ़, खुर्जा, दादरी और गाजियाबाद में ठहराव निर्धारित किए गए हैं।
सांसद रमेश अवस्थी ने कहा कि कानपुर की बेहतर कनेक्टिविटी और विकास से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है।


